14000 का चालान कटा तो सड़क पर लोट-लोटकर रोने लगा शख्स, ई-रिक्शे वाले का Video हुआ वायरल

सोशल मीडिया (Social Media) पर एक वीडियो (Video) इस वक्त खूब वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक शख्स सड़क पर लोट-लोटकर रो रहा है। बीच सड़क पर शख्स के इस तरह से रोते हुए देख वहां लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई है और ट्रैफिक जाम की भी स्थिति बन गई है। वीडियो में शख्स को रोते हुए यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, “मेरा 14000 का चालान कर दिया गया है।” वीडियो में आप देख सकते हैं कि सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा कर रहे शख्स को मनाने के लिए राहगीर पूरी कोशिश कर रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, वायरल हो रहा यह वीडियो (Viral Video) औरैया जिले के दिबियापुर का बताया जा रहा है। जहां शुक्रवार दोपहर एक ई-रिक्शा चालक उस समय सड़क पर लोट-लोटकर रोने लगा, जब उसे यह पचा चला कि उसके ई-रिक्शे का 14 हजार रुपये का चालान हो गया है। इतनी बड़ी रकम का चालान होने से ई-रिक्शा चालक परेशान हो गया और उसने चौराहे पर ही सड़क पर लोट-लोटकर विरोध करना शुरू कर दिया। चालक के सड़क पर लेटने के कारण फफूंद चौराहे पर वाहनों की आवाजाही रुक गई और जाम की स्थिति बन गई। चौराहे पर धीरे-धीरे वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जानकारी के अनुसार, थाने के पीछे रहने वाला ई-रिक्शा चालक अंकित शुक्रवार दोपहर अपनी पत्नी की दवा लेने के लिए निकला था। वह ई-रिक्शा लेकर फफूंद चौराहे के पास पहुंचा था। इसी दौरान ट्रैफिक पुलिस ने उसके ई-रिक्शा का 14 हजार रुपये का चालान कर दिया। कुछ देर बाद अंकित के मोबाइल पर चालान का मैसेज आया। जब उसने चालान की रकम देखी तो वह वापस फफूंद चौराहे पर पहुंच गया। उसने कार्रवाई का विरोध किया और अपनी परेशानी बताते हुए सड़क पर लेट गया। इसके बाद चौराहे पर यातायात प्रभावित हो गया।

अंकित का कहना था कि उसकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। ऐसे में 14 हजार रुपये का चालान उसके लिए बहुत बड़ी रकम है। उसका कहना था कि इतनी बड़ी राशि का भुगतान करना उसके लिए मुश्किल होगा। इसी परेशानी के चलते उसने सड़क पर लेटकर अपना विरोध जताया। चालक के इस प्रदर्शन को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल भी उठाए। वहीं, वाहनों की आवाजाही रुकने से चौराहे पर जाम बढ़ता चला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *