लोक भवन में लघु फिल्म ‘मिस्टी’ की विशेष स्क्रीनिंग

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 25 अप्रैल 2026

लोक भवन में शनिवार को लघु फिल्म ‘मिस्टी’ की विशेष स्क्रीनिंग की गई। इस मौके पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने कहा कि फिल्म उत्तराखंड की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत का सजीव चित्रण प्रस्तुत करती है। उन्होंने कहा कि बड़े पर्दे पर राज्य की समृद्ध संस्कृति को देखना गर्व और आत्मीयता का अनुभव कराता है।

‘मिस्टी’ एक भावप्रधान लघु फिल्म है, जिसमें उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक जीवन और मानवीय संवेदनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म में धुंध (मिस्टी) के प्रतीक के माध्यम से रहस्यमयता और आंतरिक शांति के भाव को उकेरा गया है।

कार्यक्रम में राज्यपाल ने फिल्म के मुख्य अभिनेता सतीश शर्मा, निर्देशक राजा चटर्जी और निर्माता साक्षी शैल चटर्जी को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने ‘देवभूमि’ उत्तराखंड की सुंदरता को एक नए दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य की सांस्कृतिक धरोहर को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे रचनात्मक प्रयास पर्यटन को बढ़ावा देने, स्थानीय रोजगार सृजन और उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में सहायक सिद्ध होंगे।

कार्यक्रम में फिल्म से जुड़े कलाकारों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!