रियल टाइम डाटा अपडेट करें : मुख्य सचिव

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 26 जुलाई 2024

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने चारधाम यात्रा से संबंधित सभी विभागों को जल्द आरम्भ होने वाले चारधाम डैशबोर्ड पर नियमित रूप से रियल टाइम डाटा अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह डैशबोर्ड चारधाम से जुड़े सभी विभागों के मध्य सूचनाओं के प्रभावी आदान-प्रदान व डाटा शेयरिंग का माध्यम बनेगा। इससे विभागों में प्रभावी समन्वय स्थापित होगा और उनके अलगाव में कार्य करने की प्रवृति खत्म होगी। उन्होंने इसके लिए सभी विभागों में एक-एक नोडल अधिकारी तैनात करने के निर्देश दिए।

गुरुवार को सचिवालय में मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने आईटीडीए की ओर से तैयार किए जा रहे चारधाम डैशबोर्ड की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को हिदायत देते हुए कहा कि चारधाम डैशबोर्ड पर अपडेट किया जाने वाला डाटा डायनेमिक (गतिशील) व रियल टाइम होना चाहिए। इसे नियमित रूप से फीड किया जाना चाहिए।

मुख्य सचिव ने चारधाम डैशबोर्ड में अन्य भीड़-भाड़ वाले पर्यटक स्थलों जैसे मसूरी को भी जोड़ने के निर्देश दिए हैं, ताकि इन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों को भी सभी जानकारियां व रियल टाइम डाटा उपलब्ध हो सके। यह डैशबोर्ड आरम्भ में सरकारी विभागों के प्रशासनिक समन्वय व कार्यों के लिए उपयोग किया जाएगा और बाद में आमजन के लिए खोल दिया जाएगा।

मुख्य सचिव ने चारधाम डैशबोर्ड में लोक निर्माण विभाग को यात्रा रूट पर पड़ने वाले ब्लैक स्पॉट,स्लिपिंग जोन, मुख्य मार्गों के अलावा वैकल्पिक मार्गों की जानकारी,मलबे, भूस्खलन या ट्रैफिक जाम से बाधित सड़कों, सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़े अनिवार्य रूप से अपडेट करने को कहा। यूकाडा को धामों में खराब मौसम या अन्य कारणों से हेली सर्विस रद्द होने की पूर्व जानकारी अनिवार्य रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मुख्य सचिव ने पशुपालन विभाग को चारधाम डैशबोर्ड में यात्रा मार्ग पर खच्चरों के लिए चारे, पीने के गर्म पानी, पशुचिकित्सकों की उपलब्धता का रियल टाइम डाटा भी नियमित रूप से अपडेट करने और पुलिस विभाग को यात्रा मार्ग पर पार्किंग स्थलों की जानकारी व पार्किंग स्पेस की उपलब्धता का रियल टाइम डाटा अपडेट करने को कहा।

मुख्य सचिव ने यात्रा मार्ग पर सेवाएं देने वाले खच्चरों की बीमा व्यवस्था के लिए जिलाधिकारियों से वार्ता के निर्देश दिए हैं।

कार्यों की जीआईएस टैगिंग करें

मुख्य सचिव ने चारधाम डैशबोर्ड में यात्रा मार्ग पर किए जाने वाले कार्यों की जीआईएस टैगिंग करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने परफॉर्मेशन एवल्यूशन के लिए विभिन्न विभागों के इन्टरलिंकिंग को जरूरी बताया है।

वाहनों में ट्रैश बैग रखने का सख्ती से हो पालन

मुख्य सचिव ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों के वाहनों में ट्रैश बैग ( कूड़ादान) अनिवार्य रूप से रखे जाने के नियमों का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए उन्होंने ट्रिप कार्ड जारी करते समय जानकारी देने और नियमित रूप से चैकिंग व चालान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस संबंध में नगर निकायों, निगमों व जिला पंचायतों को पत्र लिखे जाने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!