उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 02 अगस्त 2026
थैलेसीमिया के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रविवार को पवेलियन ग्राउंड में आयोजित पांच किलोमीटर लंबी ‘रन फॉर थैलेसीमिया’ मैराथन का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। प्रतियोगिता में युवाओं, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित सैकड़ों शहरवासियों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
मैराथन का शुभारंभ पवेलियन ग्राउंड से हुआ। प्रतिभागी कनक चौक, दिलाराम चौक और ब्रह्म कमल चौक होते हुए पुनः पवेलियन ग्राउंड पहुंचे, जहां दौड़ का समापन हुआ।
समापन समारोह में प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए खेलों को जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नियमित खेलकूद और शारीरिक गतिविधियां न केवल शरीर को स्वस्थ रखती हैं, बल्कि अनेक गंभीर बीमारियों से बचाव में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। थैलेसीमिया जैसी बीमारी के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए इस प्रकार के आयोजन अत्यंत उपयोगी हैं।
उन्होंने कहा कि मोबाइल और आरामपरस्त जीवनशैली के कारण लोगों की शारीरिक गतिविधियां लगातार कम हो रही हैं, जिससे विभिन्न बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से प्रतिदिन कुछ समय खेल और व्यायाम के लिए निकालने का आह्वान करते हुए कहा कि उत्तराखंड में फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा देना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में दीपांजलि यादव ने प्रथम, सोनाक्षी ने द्वितीय तथा आराधना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में रोहित प्रथम, अर्जुन द्वितीय और हिमांशु बिष्ट तृतीय स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को मेडल और सम्मान देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. अजय आर्य, विनोद डोभाल, ऋतु डोभाल, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राजीव कुमार रंजन, अंजना सहित अनेक गणमान्य नागरिक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।