श्रमिक कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 23 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों की सामाजिक, शैक्षिक एवं स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से अनेक नई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की नई योजनाओं का शुभारंभ किया तथा मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत दो मोबाइल मेडिकल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पोषण योजना के तहत श्रमिक परिवारों को पोषण सहायता, मुख्यमंत्री शिक्षा सामग्री योजना के माध्यम से श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा सामग्री और मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत हाईजीन किट उपलब्ध कराई जाएगी।

धामी ने बताया कि मुख्यमंत्री योग एवं वेलनेस आरोग्य योजना के तहत पात्र छात्र-छात्राओं को निःशुल्क योग एवं वेलनेस प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक वर्ष 210 बच्चों को आवासीय प्रशिक्षण मिलेगा, जबकि तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 70 युवाओं को प्रशिक्षण पूरा होने के बाद रोजगार से जोड़ने की व्यवस्था भी की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना के तहत शुरू की गई मोबाइल मेडिकल वैन एक्स-रे, ईसीजी सहित 44 प्रकार की निशुल्क जांच, टेली-कंसल्टेशन और तीन माह तक स्वास्थ्य मॉनिटरिंग की सुविधा प्रदान करेंगी। इसकी शुरुआत पौड़ी गढ़वाल और चम्पावत से की गई है, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में विस्तारित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘श्रमेव जयते’ मंत्र से प्रेरित होकर राज्य सरकार श्रमिकों को केवल श्रमशक्ति नहीं, बल्कि प्रदेश की विकासशक्ति मानती है। सरकार श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, महिला श्रमिकों के मातृत्व, बेटियों के विवाह, आवास, औजार, साइकिल, सिलाई मशीन तथा वृद्ध श्रमिकों की पेंशन जैसी योजनाओं के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने सभी पात्र निर्माण श्रमिकों से अपील की कि वे उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में अपना पंजीकरण समय-समय पर नवीनीकृत कराते रहें, ताकि सभी सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हें मिलता रहे। कार्यक्रम में बोर्ड के सचिव पी.सी. दुम्का ने बोर्ड की गतिविधियों और नई योजनाओं की जानकारी भी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!