वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए सड़कों के पक्कीकरण और प्रदूषण नियंत्रण पर जोर : मुख्य सचिव

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 23 जुलाई 2026

राष्ट्रीय शुद्ध वायु कार्यक्रम की संचालन समिति की सातवीं बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने देहरादून, ऋषिकेश और काशीपुर में वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

बुधवार को सचिवालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य सचिव ने तीनों शहरों में वायु गुणवत्ता की लगातार मॉनिटरिंग करने और पीएम-10 व पीएम-2.5 के स्तर को कम करने के लिए ठोस उपाय लागू करने को कहा।

उन्होंने पीएम-10 को नियंत्रित करने के लिए सड़कों की स्थिति सुधारने, सड़कों का पक्कीकरण, फुटपाथ निर्माण और धूल नियंत्रण के उपायों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण एवं ध्वस्तीकरण अपशिष्ट (डेमोलिशन वेस्ट) के उचित निस्तारण के लिए स्थानीय निकायों को स्थल चिन्हित करने और जागरूकता बढ़ाने को कहा।

मुख्य सचिव ने सड़कों पर पड़े निर्माण सामग्री को हटाने के लिए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम-2.5 को कम करने के लिए वाहनों और उद्योगों से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण तथा प्रदूषण नियंत्रण नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को आवश्यकतानुसार मानव संसाधन बढ़ाने, जाम मुक्त यातायात के लिए चौराहों के सुधार कार्य कराने और काशीपुर में पीएम-2.5 में हुए सुधार के कारणों का अध्ययन कर अन्य शहरों में लागू करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने राष्ट्रीय शुद्ध वायु कार्यक्रम के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने आमजन को वायु प्रदूषण के प्रति जागरूक करने के लिए भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से लगातार जानकारी प्रदर्शित करने और स्मार्ट सिटी के सभी डिस्प्ले बोर्ड सक्रिय करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के.सुधांशु, उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव डॉ.पराग मधुकर धकाते, अपर सचिव डॉ. आनंद श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!