प्रभारी मंत्री ने सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

उत्तराखंड(नैनीताल),शनिवार 20 जून 2026

जनपद के प्रभारी मंत्री खजान दास ने शनिवार को ‘विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत धारी विकास खंड मुख्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस दौरान पंडित दीन दयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत छह किसानों को पशुपालन के लिए पांच लाख रुपये के चेक तथा दो महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गयी।

विकासखंड धारी के सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ खजान दास ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और उत्तराखंड निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव है तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में समान नागरिक संहिता सहित अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये हैं।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से जनभावनाओं को समझते हुए संवाद और सेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर काबीना मंत्री व क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य को नई दिशा दे रहे हैं।

उन्होंने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी विकासखंड की क्षेत्र पंचायतों और ग्राम प्रधानों के लिए विधायक निधि से 15-15 सोलर लाइट उपलब्ध कराने की घोषणा की। कार्यक्रम में बाल विकास, जिला उद्योग केंद्र, उद्यान, कृषि, सहकारिता, पशुपालन, चिकित्सा, पूर्ति, पंचायतीराज, ग्राम्य विकास, राजस्व तथा सीयूरेडा सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों के आवेदन पत्र भरवाए।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, दर्जा राज्यमंत्री दिनेश आर्य, भावना मेहरा, देवेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!