मुख्य सचिव ने ईएमसी और राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा, कार्यों में तेजी के निर्देश

उत्तराखंड(काशीपुर),रविवार 28 जून 2026

उधमसिंह नगर जनपद के काशीपुर के एक दिवसीय दौरे के दौरान मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने रविवार को सिडकुल की विभिन्न औद्योगिक परियोजनाओं और प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग और बाईपास परियोजनाओं का निरीक्षण कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने निर्माणाधीन एरोमा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी), एस्कॉर्ट फार्म स्थित सिडकुल क्षेत्रीय कार्यालय, हेमपुर नेपा फार्म की 803 एकड़ भूमि, काशीपुर-रामनगर फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग और काशीपुर बाईपास रिंग रोड का निरीक्षण किया और परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

सिडकुल के क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि 133 एकड़ में विकसित किए जा रहे ईएमसी में कुल 56 औद्योगिक प्लॉट हैं। इनमें से 22 का आवंटन हो चुका है, जबकि शेष प्लॉटों के लिए निवेशकों से पूछताछ जारी है। उन्होंने बताया कि 177 करोड़ की इस परियोजना का निर्माण कार्य पेयजल निगम द्वारा कराया जा रहा है। परियोजना को पूरा करने के लिए 45 करोड़ की अतिरिक्त धनराशि की मांग शासन को भेजी गई है। धनराशि प्राप्त होते ही शेष कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। इस दौरान मुख्य सचिव ने ईएमसी परिसर में पौधारोपण भी किया।

इसके बाद मुख्य सचिव ने हेमपुर नेपा फार्म स्थित सिडकुल की 803 एकड़ भूमि का निरीक्षण कर उसके विकास संबंधी संभावनाओं और योजनाओं की जानकारी ली। राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता ने बताया कि काशीपुर-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर 5.75 किलोमीटर से रामनगर की ओर 18.26 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग का निर्माण 494.45 करोड़ की लागत से प्रस्तावित है। परियोजना का टेंडर पूरा हो चुका है तथा भूमि मुआवजा वितरण की प्रक्रिया जारी है। वन भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है। सैद्धांतिक स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

मुख्य सचिव ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से बाईपास परियोजना की विस्तृत जानकारी लेते हुए सभी प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन,मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी,अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र,अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर,उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह,क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल विपिन कुमार,अधीक्षण अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग हरीश पंगती, अधिशासी अभियंता महेंद्र कुमार,अधिशासी अभियंता पेयजल निगम नरेंद्र नवानी, तहसीलदार पंकज चंदोला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!