आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सरकार की प्राथमिकता : धन सिंह रावत

उत्तराखंड(पौड़ी गढ़वाल),शुक्रवार 22 मई 2026

श्रीनगर क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने विभिन्न विद्यालयों में विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने राजकीय प्राथमिक विद्यालय श्रीकोट गंगानाली के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही जूनियर हाईस्कूल गंगानाली श्रीकोट में कंप्यूटर कक्ष निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया। वहीं राजकीय प्राथमिक विद्यालय नगर पालिका श्रीनगर में नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करने के साथ अतिरिक्त कक्ष एवं शौचालय निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई।

इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षिक वातावरण और आवश्यक संसाधन मिल सकें।

उन्होंने कहा कि नए विद्यालय भवनों के निर्माण से बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण में अध्ययन का अवसर मिलेगा। साथ ही कंप्यूटर कक्षों की स्थापना से छात्र-छात्राएं डिजिटल शिक्षा एवं तकनीकी ज्ञान से जुड़ सकेंगे, जिससे वे भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं के लिए बेहतर रूप से तैयार हो पाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने विद्यालय परिसरों का निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं से संवाद किया तथा उनकी पढ़ाई, उपलब्ध सुविधाओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी श्रीनगर नूपुर वर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. अश्विनी, तहसीलदार दीपक भंडारी, प्रधानाचार्य राजकीय प्राथमिक विद्यालय गंगानाली श्रीकोट रश्मि गौड़ आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!