प्रदेश के दोनों मंडलों में बनाए जाएं एक्सीलेंस सेंटर : मुख्यमंत्री

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 05 जुलाई 2024

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के दोनों मण्डलों में एक्सीलेंस सेंटर बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सरकारी तकनीकी संस्थानों से पासआउट होने वाले छात्रों को अधिक से अधिक कैम्पस प्लेसमेंट मिले।

गुरुवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक संस्थानों की आवश्यकता के अनुरूप तकनीकी संस्थानों में आधुनिक कोर्स और आधुनिक उपकरणों की समुचित व्यवस्था की जाए। तकनीकी संस्थानों से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कितने प्रतिशत छात्रों को रोजगार मिला और कितने प्रतिशत ने उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश लिया इसका स्पष्ट डाटा रखा जाए। तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के बाद राज्य के युवाओं को प्रदेश में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराये जाएं, ताकि उन्हें रोजगार के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े। राज्य में युवाओं के कौशल विकास के लिए प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डिंग और अन्य मैकेनिकल प्रशिक्षण भी कराये जाएं।

552 युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार मिला

बैठक में बताया गया कि पिछले तीन साल में पॉलिटेक्निक के माध्यम से 6490, सरकारी क्षेत्र में 369 और पॉलिटेक्निक के माध्यम से सामुदायिक विकास योजना के तहत 552 युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार मिला। आगामी एक साल में आई.आई.टी रुड़की के सहयोग से विभिन्न राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थाओं में वर्चुअल लैब की स्थापना और प्रशिक्षण दिया जायेगा। उत्तराखंड राज्य करियर काउंसिलिंग सेंटर की स्थापना की जायेगी। पॉलिटेक्निक संस्थाओं को सर्विस प्रोवाइडर के रूप में विकसित कर बेरोजगार युवाओं को व्यवसाय से जोड़ा जायेगा।

बैठक में उपाध्यक्ष अवस्थापना अनुश्रवण परिषद विश्वास डाबर, मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के.सुधांशु, सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगोली, रविनाथ रमन, डॉ.रं जीत सिन्हा, वीर माधो सिंह भण्डारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ओंकार सिंह, अपर सचिव शिक्षा रंजना राजगुरू, महानिदेशक शिक्षा बंशीधर तिवारी सहित शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा के उच्चाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!