धन सिंह ने थलीसैंण क्षेत्र में कई योजनाओं का किया शिलान्यास व लोकार्पण

उत्तराखंड(पौड़ी गढ़वाल),बुधवार 10 जून 2026

कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ धन सिंह रावत ने आज थलीसैंण क्षेत्र में करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, सड़क, खेल और धार्मिक पर्यटन के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। अपने तीन दिवसीय क्षेत्र भ्रमण के दूसरे दिन मंत्री ने राजकीय महाविद्यालय उफरैंखाल में 1.77 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले खेल मैदान एवं सुरक्षा दीवार निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी व खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा।

इस दौरान उन्होंने 1.09 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए चकरगांव-कल्याणखाल मोटर मार्ग के 1.25 किलोमीटर डामरीकरण कार्य का लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने उफरैंखाल-घण्डियाल मोटर मार्ग से भेड़गांव मल्ला मोटर मार्ग के सुधारीकरण कार्य का शिलान्यास भी किया।

वहीं कैबिनेट मंत्री ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ग्राम कलाण स्थित भैरव मंदिर परिसर में कराए गए सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया। इसके अलावा उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज उफरैंखाल के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा, सड़क, खेल और पर्यटन से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रजनी रावत, अंजली जोशी, ज्येष्ठ प्रमुख मनवर सिंह, उप जिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी, बीडीओ टीकाराम, आनंद सिंह, अमर सिंह नेगी, नवीन जोशी, मनोज रमोला, दिलीप सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!