डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 23 जून 2026

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक और राष्ट्रवादी विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर मंगलवार को प्रदेशभर में बूथ स्तर तक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पार्टी नेताओं ने उनके राष्ट्रवादी विचारों और देश की एकता-अखंडता के लिए दिए गए योगदान को स्मरण किया।

प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल और कश्मीर के भारत का अभिन्न अंग बने रहने में डॉ. मुखर्जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। तत्कालीन परिस्थितियों में एक देश, एक विधान और एक निशान के सिद्धांत के लिए संघर्ष करते हुए उन्होंने अपना जीवन राष्ट्र को समर्पित कर दिया।

भट्ट ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। भट्ट ने पश्चिम बंगाल में राष्ट्रवादी राजनीति के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके सिद्धांतों पर चलते हुए लंबे संघर्ष के बाद वहां अपनी मजबूत उपस्थिति स्थापित की है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने स्वतंत्र भारत की प्रारंभिक औद्योगिक एवं कृषि नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्र सर्वोपरि के विचारों को आगे बढ़ाते हुए सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में अग्रसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!