संगठन की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है सोशल मीडिया : मनन दाणी - uttarakhandkihunkar.in

संगठन की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है सोशल मीडिया : मनन दाणी

उत्तराखंड(रुद्रप्रयाग),बुधवार 18 नवंबर 2026

भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग में जिला रुद्रप्रयाग की सोशल मीडिया टीम की बैठक में संगठन की विचारधारा, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को डिजिटल माध्यमों से जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

बैठक के मुख्य वक्ता एवं सोशल मीडिया के प्रदेश चुनाव प्रभारी श्री मनन दाणी ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए सोशल मीडिया की संगठनात्मक भूमिका और इसके प्रभावी उपयोग पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया केवल प्रचार-प्रसार का माध्यम नहीं, बल्कि संगठन की विचारधारा, नीतियों और जनसेवा के कार्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का सशक्त मंच है। आज जनमत निर्माण और जनसंवाद में डिजिटल माध्यमों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में संगठन की बात को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता और प्रतिबद्धता के साथ काम करना होगा।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन कार्यकर्ताओं की शक्ति, विचारधारा के प्रति समर्पण और जनसेवा के संकल्प पर आधारित है। सोशल मीडिया इन सभी प्रयासों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन के एक डिजिटल प्रतिनिधि के रूप में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित में लिए गए निर्णयों की सही जानकारी आमजन तक पहुंचाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

श्री दाणी ने कहा कि मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर सोशल मीडिया की टीम को सक्रिय एवं मजबूत बनाया जाए। संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम, जनसंपर्क अभियान और जनहित से जुड़े कार्यों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी स्थान मिलना चाहिए। फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे माध्यमों का उपयोग केवल पोस्ट साझा करने तक सीमित न रहे, बल्कि इनके माध्यम से आमजन के साथ संवाद स्थापित करने और युवाओं को संगठन की विचारधारा से जोड़ने का प्रयास भी किया जाए।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर सक्रियता के साथ वैचारिक स्पष्टता, सकारात्मक सोच और संगठनात्मक अनुशासन भी जरूरी है। किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी प्रमाणिकता सुनिश्चित करें और भ्रामक खबरों से बचें। कार्यकर्ताओं की भाषा, व्यवहार और प्रस्तुत की गई सामग्री में संगठन के संस्कार एवं मर्यादा दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सोशल मीडिया टीम की सक्रियता और आपसी समन्वय से संगठन की उपलब्धियों एवं विचारधारा को अधिक प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाया जा सकेगा।

बैठक में प्रदेश सह सोशल मीडिया प्रभारी श्री करुण दत्ता ने पूर्व में किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी गतिविधियों की जानकारी दी तथा कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

भाजपा जिलाध्यक्ष श्री भारत भूषण भट्ट ने मुख्य वक्ता का स्वागत करते हुए आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार में सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने और मंडल एवं बूथ स्तर पर डिजिटल गतिविधियों को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

बैठक में जिला मीडिया प्रभारी श्री सतेन्द्र बर्त्वाल, जिला सोशल मीडिया प्रभारी श्री भगवान सिंह रावत, जिला सोशल मीडिया सह प्रभारी श्री मानेंद्र कुमार, रुद्रप्रयाग विधानसभा सोशल मीडिया संयोजक श्री संदीप बिष्ट, सह संयोजक श्री अमित पंवार सहित सभी अपेक्षित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!