स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर डीएलएसए देहरादून का विशेष सघन निरीक्षण अभियान जारी - uttarakhandkihunkar.in

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर डीएलएसए देहरादून का विशेष सघन निरीक्षण अभियान जारी

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 18 नवम्बर 2026

उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल तथा अध्यक्ष/जिला जज श्री हरीश कुमार गोयल के निर्देशानुसार सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून श्रीमती सीमा डुँगराकोटी द्वारा परिवहन विभाग की टीम के साथ स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिनांक 18 नवम्बर को भी विशेष सघन निरीक्षण अभियान जनपद में लगातार संचालित किया गया।

निरीक्षण के दौरान देहरादून के कई प्रतिष्ठित एवं नामी-गिरामी विद्यालयों की बसों में भी गंभीर सुरक्षा संबंधी अनियमितताएं सामने आईं। कई बसों में प्राथमिक उपचार बॉक्स (First Aid Box) उचित स्थिति में नहीं पाए गए तथा कुछ में उपलब्ध दवाइयां एक्सपायरी थीं। कई बसों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित होने के बावजूद रिकॉर्डिंग के लिए डीवीआर (DVR) उपलब्ध नहीं था तथा कुछ में गाड़ी के कागजात मौके पर नहीं दिखाए गए।

सबसे चिंताजनक स्थिति आपातकालीन निकास द्वार (Emergency Exit)को लेकर सामने आई। कई बसों में उपस्थित चालक एवं अटेंडेंट को यह जानकारी तक नहीं थी कि आपातकालीन स्थिति में निकास द्वार किस प्रकार खोला जाता है। कुछ बसों में इमरजेंसी एग्जिट के सामने ही सीटें लगा दी गई थीं, जिससे आपात स्थिति में बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए समुचित रास्ता उपलब्ध नहीं था तथा कई वाहनों में विण्डोग्रिल ही नहीं लगी थी। इसके अतिरिक्त कुछ वाहनों को तेज गति से संचालित होते हुए भी पाया गया।
निरीक्षण के दौरान कई स्कूल वैन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाते हुए भी पाया गया, जो बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से गंभीर चिंता का विषय है। यह उल्लेखनीय है कि सुरक्षा संबंधी कमियां केवल छोटे वाहनों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जनपद के कई प्रतिष्ठित एवं बड़े विद्यालयों की बसों में भी पाई गई हैं। इन कमियों एवं निरीक्षण में सामने आए तथ्यों के दृष्टिगत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संबंधित विद्यालय प्रबंधनों एवं वाहन संचालकों के लिए आवश्यक सुरक्षा मानकों के अनुपालन के संबंध में आगामी समय में एडवाइजरी जारी किए जाने पर भी विचार किया जा रहा है।

अभियान के दौरान अभिभावकों की ओर से भी सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया। एक व्यक्ति अपने दोनों बच्चों को स्कूटर के आगे खड़ा करके, उनके स्कूल बैग हाथों में लेकर तथा स्वयं बिना हेलमेट के वाहन चलाते हुए पाया गया। उक्त व्यक्ति को मौके पर रोककर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया तथा इस प्रकार बच्चों को जोखिम में डालने के गंभीर परिणामों से अवगत कराया गया।

उल्लेखनीय है कि दिनांक 16 नवम्बर से प्रारंभ इस अभियान के अंतर्गत अब तक जनपद देहरादून में लगभग 375 स्कूली वाहनों की जांच की जा चुकी है तथा अनियमितताएं पाए जाने पर लगभग 142 वाहनों के चालान किए जा चुके हैं। अभियान के तहत स्कूल बसों, वैन एवं बच्चों के परिवहन में प्रयुक्त अन्य वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की जा रही है।

इस अवसर पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून श्रीमती सीमा डूंगराकोटी ने कहा कि “बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। स्कूली वाहनों में आपातकालीन निकास द्वार का अवरुद्ध होना, निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाना तथा चालक एवं अटेंडेंट को आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी न होना अत्यंत गंभीर लापरवाही है। विद्यालय प्रबंधन एवं वाहन संचालकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि प्रत्येक वाहन सुरक्षा मानकों के अनुरूप हो और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हो। अभिभावकों की जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।”

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यह विशेष सघन निरीक्षण अभियान आगामी 22 नवम्बर, 2026 तक जारी रहेगा। अभियान के दौरान संबंधित विभागों के समन्वय से स्कूली वाहनों का निरीक्षण किया जाएगा तथा सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून द्वारा सभी विद्यालय प्रबंधनों, वाहन संचालकों एवं अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिवहन एवं यातायात संबंधी सभी निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।

अतः आपसे अनुरोध है कि उपरोक्त विज्ञप्ति को सभी प्रमुख दैनिक समाचार-पत्रों में आवश्यक रूप से प्रकाशित करने हेतु अपने स्तर से उचित कार्यवाही करने का कष्ट करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!