मुख्यमंत्री ने किसान मेले का शुभारंभ कर महिला समूह द्वारा तैयार उत्पादों का किया अवलोकन

उत्तराखंड(पंतनगर),शनिवार 05 अक्टूबर 2024

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को कृषि विश्विद्यालय में आयोजित 116वें अखिल भारतीय किसान मेले का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने महिला समूह द्वारा तैयार उत्पादों का अवलोकन किया। साथ ही किसानों और वैज्ञानिकों से राज्य व केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी साझा की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार किसानों के उत्थान में जुटी हुई है। इसके लिए राज्य सरकार नई-नई योजनाओं को धरातल पर उतार रही है। मुख्यमंत्री ने किसानों के विकास में कृषि विश्वविद्यालय की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्हाेंने कहा कि विवि का हरित क्रांति में बड़ा स्थान है। किसान मेला कृषि का बड़ा कुंभ है, जो किसानों को उन्नतिशील बनाने में मदद करता है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार की ओर से किसानों के लिए मंजूर की गई 14 हजार करोड़ रुपये की सात योजनाओं का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य में किसानों की उन्नति के लिए कीवी और एप्पल मिशन समेत कई योजनाएं संचालित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने किसानाें से आह्वान करते हुए कहा कि आप लोग मेले में विश्वविद्यालय एवं विभिन्न फर्मों द्वारा प्रदर्शित तकनीकों का अवलोकन करें और यहां के वैज्ञानिकों से विचार-विमर्श करें, जो आने वाले समय में आपके लिए लाभकारी सिद्ध होगा।

इस दाैरान विधायक शिव अरोरा, तिलक राज बेहड़, राज्यमंत्री अनिल कपूर डब्बू, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, गुंजन सुखीजा, भाजपा जिला महामंत्री अमित नारंग, प्रदेश मंत्री विकास शर्मा, उप महानिदेशक यूएस गौतम, मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी उदय राज सिंह, एसएसपी मणिकांत मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट आशिमा गोयल आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!