किन्नर समाज ने श्मशान घाट पर खेली मसाने की होली

उत्तराखंड(हरिद्वार),सोमवार 25 मार्च 2024

हरिद्वार में होली पर्व पर किन्नरों का अलग ही रूप देखने को मिला। यहां किन्नर अखाड़े ने खड़खड़ी श्मशान घाट पर मसाने की होली खेली। किन्नरों ने श्मशान में चिताओं की राख और रंग से होली खेल कर रंग पर्व मनाया।

किन्नरों को इस तरह से श्मशान में चिताओं के सामने चिता की राख के साथ ठोल नगाड़े के साथ होली खेलते हुए देखकर लोग अचंभित रह गए। किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर भवानी के नेतृत्व में किन्नरों ने खड़खड़ी श्मशान घाट पहुंच कर पूजा अर्चना की। श्मशान में जल रही चिताओं की राख एक-दूसरे को लगाकर होली मनाई। महामंडलेश्वर मोनिका किन्नर ने बताया कि काशी और प्रयागराज के घाट पर मसाने की होली का आयोजन किया जाता है, जहां पारम्परिक तरीके से मसाने की होली खेली जाती है। मसान की होली के पीछे भगवान शिव विवाह की कथा भी बताई जाती है।

उन्होंने बताया कि किन्नर समाज के लोगों ने इस बार हरिद्वार में भी खूब धूम धाम से मसाने की होली मनाई। हम लोग हिन्दू हैं और सनातन धर्म के अनुयाई हैं, इसलिए अपने सभी पर्व बहुत अच्छे से मनाते हैं। काशी और प्रयागराज सहित कई शहरों में मसाने की होली मनायी जाती है, इस वर्ष से इसकी शुरूआत हरिद्वार में भी हो गयी है। हमने बड़ी धूम धाम से सारे किन्नर समाज के साथ यह होली मनाई है। उन्होंने किन्नर समुदाय की ओर से सभी को होली की शुभकामनाएं भी दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!