मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की, सभी से राखियां और अन्य उत्पाद खरीदने की अपील की

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 13 अगस्त 2024

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी प्रदेशवासियों से आगामी रक्षाबंधन के लिए स्थानीय स्तर पर बनी राखियां और अन्य उत्पाद खरीदने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में महिला स्वयं सहायता समूह को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। राज्य की महिलाएं समूहों के माध्यम से बहुत बेहतर उत्पाद बना रही हैं। समूहों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिल रही है और रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।

सोमवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना और मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना के अन्तर्गत महिला समूहों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इन स्टॉलों का अवलोकन करते हुए स्थानीय उत्पादों (घी और अन्य) की खरीदारी भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षा बंधन से पूर्व स्वयं सहायता समूह की ओर से राखियां बनाई जा रही हैं। सरकार की ओर से महिलाओं को अपने उत्पाद बेचने के लिए उन्हें सुविधा अनुसार मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों से आगामी रक्षा बंधन त्योहार के लिए स्थानीय स्तर पर बनी राखियां एवं अन्य उत्पाद खरीदने का आग्रह किया।

सचिवालय में बड़ोवाला से देवभूमि स्वयं सहायता समूह, डाकपत्थर से वैभव लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह, रायपुर से मिलन स्वयं सहायता समूह, सहसपुर से आस्था क्लस्टर लेवल फेडरेशन, हवालबाग अल्मोड़ा से विकास क्लस्टर लेवल फेडरेशन, आस्था क्लस्टर लेवल फेडरेशन, विरांगना क्लस्टर लेवल फेडरेशन, एवं अन्य स्वयं सहायता समूहों की ओर से अपने उत्पाद बेचें जा रहे हैं।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, उपाध्यक्ष अवस्थापना अनुश्रवण परिषद् विश्वास डाबर, मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव राधिका झा, अपर सचिव मनुज गोयल, सीडीओ देहरादून झरना कामठान मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!