मुख्यमंत्री ने किया भगवान केदारनाथ का दर्शन

उत्तराखंड(केदारनाथ),बुधवार 24 जुलाई 2024

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार प्रात: बाबा केदारनाथ के दर्शन कर जलाभिषेक किया। मंदिर दर्शन के पश्चात मुख्यमंत्री ने यात्रा व्यवस्थाओं और पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए श्री केदारनाथ धाम पहुंचे। मुख्यमंत्री धामी ने बाबा केदारनाथ के दर्शनकर विशेष पूजा अर्चना एवं जलाभिषेक किया और संपूर्ण विश्व एवं मानवता के कल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड के सतत विकास के लिए भी बाबा केदार से आशीर्वाद मांगा। इसके बाद उन्होंने केदारपुरी में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की।

इससे पहले एक दिवसीय दौरे पर बाबा केदारनाथ धाम पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कमिश्नर गढ़वाल विनय शंकर पांडे, आईजी पुलिस गढ़वाल करन सिंह नगन्याल, जिलाधिकारी डॉ सौरभ गहरवार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ विशाखा ने वीआईपी हैलीपैड पर उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री तीर्थ पुरोहित समाज एवं मुख्य पुजारी से मिले और श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों का अभिवादन कर सभी को श्रावण मास की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने तीर्थ पुरोहितों से धाम में चल रहे निर्माण एवं अन्य कार्यों के संबंध में चर्चा की और उनसे सुझाव मांगे। मुख्यमंत्री ने केदारपुरी में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की और निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए समयबद्धता के साथ सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री केदारनाथ धाम से पूर्वाह्न साढ़े ग्यारह बजे वापस देहरादून के लिए रवाना हो गए।

इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीकेटीसी योगेन्द्र सिंह, प्रभारी कार्यकारी अधिकारी आरसी तिवारी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल,अनूप सेमवाल, केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, विनोद शुक्ला, किशन बगवाड़ी, उमेश पोस्ती, केशव तिवारी, दिनेश बगवाड़ी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और तीर्थ पुरोहित मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!