अग्निपथ योजना सक्षम सैनिक और सशक्त सेना की दिशा में क्रांतिकारी कदम : गणेश जोशी

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 13 जुलाई 2024

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अग्निपथ योजना को सक्षम सैनिक, सशक्त सेना और समर्थ देश बनाने की दिशा में क्रांतिकारी बताया है। मंत्री ने अग्निवीरों को सीआरपीएफ, सीआईएसएफ समेत केंद्रीय सुरक्षा बलों में 10 फीसदी आरक्षण देने की घोषणा के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया है।

पार्टी मुख्यालय में शनिवार को सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस योजना के तहत युवाओं को अग्निवीर के तौर पर सशस्त्र बलों में सेवा करने का सुनहरा मौका मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 14 जून 2022 को घोषित अग्निपथ योजना में 17 से 21 साल की उम्र के युवाओं को चार साल के लिए भर्ती करने का प्रावधान है, जिसमें 25 प्रतिशत अग्निवीरों को अगले 15 सालों तक बनाए रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि अग्निवीर जैसी योजनाएं यूरोप, अमेरिका, चीन आदि तमाम देशों में लागू है और किसी भी आधुनिक सेना की मजबूती के लिए यह बेहद अहम कड़ी है।

मंत्री ने कहा कि अग्निपथ योजना, सक्षम सैनिक से सशक्त सेना और सशक्त सेना से समर्थ देश बनाने का प्रक्रम है। अग्निपथ योजना सैन्य क्षमता में वृद्धि, जागरूक नागरिकों के निर्माण और युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर देने वाली है। आज जब इस पर चर्चा हो रही है तो बड़ी प्रसन्नता की खबर आई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से सीआरपीएफ एवं सीआईएसएफ समेत केंद्रीय बलों में अग्निवीरों के लिए 10 फीसदी आरक्षण की घोषणा की गई है। यह कोई सामान्य संख्या नहीं है बल्कि वर्तमान में ही लगभग 40 हजार से अधिक होगी।

उन्होंने कहा कि अग्निवीरों को पहाड़ों से लेकर रेगिस्तान तक के विभिन्न इलाकों में जल, थल या वायु में राष्ट्र की सेवा का अवसर मिलेगा। अग्निवीरों के प्रथम वर्ष का वित्तीय पैकेज लगभग 4.76 लाख के साथ-साथ भत्ते तथा मासिक वेतन का 30 प्रतिशत अंशदान सेवा निधि का भी लाभ मिलेगा, जो कि 04 वर्षों के बाद लगभग 11.71 लाख मिलेगा और यह धनराशि आयकर से भी मुक्त होगी। यदि सेवाकाल के दौरान कोई भी अग्निवीर शहीद हो जाता है तो 44 लाख की अतिरिक्त अनुग्रह राशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त 48 लाख का गैर अंशदायी जीवन बीमा कवर भी प्रदान किया जाएगा। अपंगता की स्थिति में चिकित्सा अधिकारियों द्वारा निर्धारित दिव्यांगता के प्रतिशत के आधार पर मुआवजा भी दिया जाएगा। अग्निवीर का 04 साल का कार्यकाल पूरा होने पर सेवा निधि के हकदार होंगे।

मंत्री गणेश जोशी ने विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि अग्निवीर योजना को लेकर बिना किसी तथ्यात्मक जानकारी, तकनीकी ज्ञान और व्यवहारिक अनुभवों के, सिर्फ और सिर्फ राजनैतिक लाभ के लिए युवाओं को भ्रमित करने के प्रयासों में जुटे हैं। बड़े-बड़े विशेषज्ञों के लंबे विमर्श के बाद इस योजना को लाया गया है, इसे अभी समय देने की जरूरत है। जिसमें अनुभवों के आधार पर सुधार की गुंजाइश बनी हुई है। अपना राजनैतिक स्वाभिमान बचाने के लिए कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियां लगातार सेना का अपमान करने में जुटी हैं।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठरी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह नेगी, प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!