रईसजादे ने नशे में दौड़ाई थार, तोड़ा पुलिस बैरियर, पुलिस ने निकाली हेकड़ी

उत्तराखंड(हल्द्वानी),सोमवार 16 दिसंबर 2024

कालाढूंगी पुलिस ने नशे में थार वाहन दौड़ाने वाले रईसजादों की हेकड़ी निकाल दी है। बताया जा रहा है कि नैनीताल से थार वाहन चालक नशे में सड़क पर गाड़ी दौड़ाते हुए कालाढूंगी आ रहे थे। इस दौरान पुलिस ने वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन थार सवार बैरियर तोड़कर भाग निकले। इसके बाद नैनीताल पुलिस ने कालाढूंगी पुलिस को सूचना दी कि नशे में धुत थार सवार को रोका जाए। इसके बाद कालाढूंगी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कालाढूंगी में उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक उधमसिंह नगर नंबर की काले रंग की थार में सवार दो युवक नैनीताल से कालाढूंगी रोड से आ रहे थे। जहां चौकी बारापत्थर और मगोली में बैरियर पर पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वो बैरियर तोड़कर फरार हो गए। कालाढूंगी पुलिस ने कालाढूंगी के नैनीताल तिराहे पर वाहन को रोक लिया, जांच में वाहन में सवार दोनों युवक शराब के नशे में पाए गए। उनकी पहचान हल्द्वानी निवासी 25 वर्षीय रोहित और गौलापार निवासी 20 वर्षीय रिवराज सिंह के रूप में हुई। दोनों का मेडिकल परीक्षण सीएचसी कालाढूंगी में कराया गया, जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि हुई। पुलिस ने वाहन को सीज कर दोनों को गिरफ्तार कर चालान की कार्रवाई की। बताया जा रहा कि इस दौरान रईसजादे पुलिस का अपना रौब भी दिखाने की कोशिश, लेकिन पुलिस ने उनकी हेकड़ी निकाल दी। नैनीताल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे के दौरान किसी तरह का वाहन नहीं चलाए। यातायात के नियमों का उल्लंघन करने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!