सैनिक सेवानिवृत्ति के बाद भी सामाजिक क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं : गणेश जोशी

उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 01 मार्च 2026

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि देश की सेना में लगभग 17.5 प्रतिशत सैनिक उत्तराखंड जैसे छोटे राज्य से आते हैं, जो प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। सैनिक सेवानिवृत्ति के बाद भी सामाजिक क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।

मंत्री जाेशी रविवार को 16वीं बटालियन गढ़वाल राइफल्स के 46वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे।मंत्री ने कारगी चौक स्थित एक निजी वेडिंग प्वाइंट में आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ तथा शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर मंत्री ने वीरांगनाओं एवं वीर नारियों को सम्मानित किया। उन्होंने पूर्व सैनिकों को स्थापना दिवस एवं होली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गढ़वाल राइफल्स वीरता, अनुशासन और देशभक्ति की प्रतीक है तथा उत्तराखंड वीरों और राष्ट्रभक्तों की भूमि है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की परिकल्पना एवं राज्य सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘भव्य सैन्य धाम’ का शीघ्र लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही राज्य सरकार सैनिकों के सम्मान और कल्याण के लिए पूर्णतः वचनबद्ध है। समारोह के दौरान मंत्री ने आगामी स्थापना दिवस कार्यक्रम के लिए एक लाख रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में कैप्टन आनंद सिंह राणा, गिरीश चंद्र जोशी, देवकिशन पटवाल, वीरेंद्र सिंह कंडारी, हरीश चंद्र सकलानी, सूबेदार मेजर ओनरी कैप्टन गणेश सिंह, सुरेंद्र सिंह सहित अनेक पूर्व सैनिक एवं वीर नारियां उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!