उत्तराखंड की प्रगतिशील महिला किसानों का सम्मान, लखपति दीदी योजना पर जोर

उत्तराखंड(देहरादून),शनिवार 08 मार्च 2025

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी और हंस फाउंडेशन की संस्थापक माता मंगला ने प्रदेशभर से आईं महिला किसानों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए उत्तराखंड प्रगतिशील महिला किसान सम्मान 2025 से सम्मानित किया।

शनिवार को हाथी बड़कला स्थित सर्वे ऑफ इंडिया ऑडिटोरियम में कृषि विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि माता मंगला ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नारी समाज की रीढ़ हैं और उनके बिना किसी भी समाज की उन्नति संभव नहीं है।

माता मंगला ने कहा कि महिलाएं केवल परिवार और समाज को संवारने वाली नहीं, बल्कि सशक्त नेतृत्व और प्रगति की आधारशिला भी हैं। उन्होंने कहा, हर नारी के भीतर असीम शक्ति छिपी होती है, जरूरत है उसे पहचानने और आगे बढ़ाने की। उन्होंने महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करने का आह्वान किया, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें और समाज में नई ऊंचाइयों को छू सकें।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कृषि विभाग की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिला किसान जैविक खेती, आधुनिक तकनीकों और नवाचार को अपनाकर उत्तराखंड की खेती को नई दिशा दे रही हैं।

कृषि मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को अलग राज्य बनाने में महिलाओं की अहम भूमिका रही है और आज भी वे प्रदेश की आर्थिकी को मजबूत करने में सक्रिय योगदान दे रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण और आजीविका संवर्धन के लिए डबल इंजन सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशभर में 03 करोड़ लखपति दीदी बनाने की परिकल्पना की है। इसे उत्तराखंड में सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने इस रजत जयंती वर्ष में नवंबर 2025 तक 1.50 लाख लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया है।

उन्होंने कहा कि समाज की पूरी धुरी महिलाओं के आसपास घूमती है और सरकार महिला सशक्तीकरण की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। इस अवसर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

महिला किसानों ने अनुभव किए साझा:कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनपदों से आईं महिला किसानों ने अपने अनुभव साझा किए। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि धामी सरकार को वे अपने मायके की तरह देखती हैं, जहां हर जरूरत का ध्यान रखा जाता है। महिलाओं ने कहा कि कृषि मंत्री गणेश जोशी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए पिता समान भूमिका निभा रहे हैं, जो हर कदम पर सहयोग और समर्थन दे रहे हैं।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैंट विधायक सविता कपूर, देहरादून मेयर सौरभ थपलियाल, नगर पालिका परिषद मीरा सकलानी, सचिव कृषि एसएन पांडे, कृषि महा निदेशक रणवीर सिंह चौहान, डायरेक्टर दीप्ति सिंह सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से महिला किसान उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!