पुरानी पेंशन बहाली को लेकर देहरादून में NMOPS की बैठक, 13 सितंबर को पेंशन महारैली की रणनीति तैयार

उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 23 अगस्त 2026

आज पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन (एन एम ओ पी एस) जनपद देहरादून की एक बैठक यमुना कॉलोनी स्थित एकता भवन में आयोजित की गयी। बैठक में जनपद देहरादून की कार्यकारिणी का विस्तार किया गया तथा पुरानी पेंशन बहाली हेतु 13 सितंबर को होने वाले प्रदेश व्यापी “पेंशन महारैली” के लिये रणनीति तैयार की गयी। एन एम ओ पी एस के जिला अध्यक्ष संतोष गड़ोही कहा कि आज जनपद कार्यकारिणी का विस्तार किया जा रहा है जिसमें विकासखण्ड रायपुर से रजनी रावत (प्रारम्भिक शिक्षा) को कोषाध्यक्ष, विकासखण्ड डोईवाला से विजय बडोनी (माध्यमिक शिक्षा) तथा विकासखण्ड रायपुर से जगबीर सिंह भंडारी (प्रारम्भिक शिक्षा) को उपाध्यक्ष तथा विकासखण्ड कालसी से विमल उनियाल (माध्यमिक शिक्षा) को जिला मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिये नयी पेंशन योजना एक छलावा है और हमें पुरानी पेंशन बहाली होने तक निरन्तर संघर्ष करना है। इसी क्रम में 13 सितम्बर को विशाल पेंशन महारैली आयोजित की जायेगी, जिसमें प्रदेश भर के कर्मचारी एवं शिक्षक पेंशन की मांग के लिये देहरादून में उपस्थित होकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।

इसके साथ ही विकासखण्ड रायपुर की महिला विंग का भी गठन किया गया, जिसमें संगीता नौटियाल डिमरी (प्रारम्भिक शिक्षा) को अध्यक्ष, सुनीता रावत (प्रारम्भिक शिक्षा) को मंत्री, राखी बिष्ट (माध्यमिक शिक्षा) को उप मंत्री, दिव्या शर्मा (प्रारम्भिक शिक्षा) को प्रचार मंत्री मनोनीत किया गया।

कार्यक्रम में विशेष रूप से आमंत्रित उत्तराखण्ड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ रायपुर के अध्यक्ष अरविन्द सिंह सोलंकी ने कहा पुरानी पेंशन कर्मचारियों के बुढ़ापे का सहारा है और उससे कर्मचारियों को वंचित करना उनके बुढ़ापे का सहारा छीनना है। उन्होंने जनपद तथा ब्लॉक कार्यकारिणी में मनोनीत सभी पदाधिकारियों को शुभकामनायें देते हुये कहा कि अब आपकी जिम्मेदारी बढ़ गयी है और अब आपको अधिक से अधिक शिक्षकों कर्मचारियों को पुरानी पेंशन बहाली के लिये चलाये जा रहे आंदोलन में जोड़ना है और पुरानी पेंशन बहाली होने तक अपना संघर्ष जारी रखना है। एनएमओपीएस के जिला मंत्री विनोद मल्ल ने कहा कि हमें सभी कर्मचारियों को जागृत करना होगा तभी हम पुरानी पेंशन बहाल करने में सफलता प्राप्त कर सकेंगे।

सभी पदाधिकारियों ने 13 सितम्बर को होने वाले विधानसभा घेराव कार्यक्रम में अपने साथ-साथ अधिक से अधिक संख्या में शिक्षकों-कर्मचारियों की सहभागिता पर जोर दिया। इस अवसर पर एनएमओपीएस के जिला अध्यक्ष संतोष गड़ोही, सचिव विनोद मल्ल, कोषाध्यक्ष रजनी रावत, उपाध्यक्ष विजय बडोनी, जगबीर सिंह भंडारी, जिला मीडिया प्रभारी विमल उनियाल, उत्तराखण्ड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ रायपुर के अध्यक्ष अरविन्द सिंह सोलंकी, विकासखण्ड रायपुर के प्रवक्ता फरस राम कोठारी, संगीता नौटियाल डिमरी, सुनीता रावत, राखी बिष्ट, दिव्या शर्मा समेत अनेक शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *