केदारनाथ धाम में ढाई फीट से अधिक बर्फ,भगवान नंदी ने ओढ़ ली सफेद चादर

उत्तराखंड(रुद्रप्रयाग/केदारनाथ),शनिवार 28 दिसम्बर 2024

उच्च हिमालयी क्षेत्रों में दो दिनों से लगातार बर्फबारी और बारिश से ठंड बढ़ गई है। केदारनाथ धाम में भगवान नंदी ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है। धाम में ढाई फीट से अधिक तक बर्फ गिर गई है, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। ऐसे में पुनर्निर्माण कार्यों में जुटे मजदूर सोनप्रयाग लौट रहे हैं।

पहाड़ों में शुक्रवार से ही मौसम खराब है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है। जहां ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है वहीं निचले क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण ठंड भी अधिक बढ़ गई है। केदारनाथ धाम की बात करें तो धाम में कल से बर्फबारी जारी है। धाम में ढाई फीट से अधिक तक बर्फ गिर चुकी है। बर्फबारी के बाद केदारपुरी में आईटीबीपी और पुलिस के जवान मंदिर की सुरक्षा में तैनात है।

केदारनाथ मंदिर के आगे स्थापित भगवान नंदी की मूर्ति भी बर्फ से ढक चुकी है। प्रकृति बाबा केदार का बर्फबारी से श्रृंगार कर रही है। केदारपुरी में चारों ओर सिर्फ बर्फ ही बर्फ नजर आ रही है, जिस कारण मजदूर नीचे सोनप्रयाग लौटने लगे हैं। बर्फबारी का सबसे ज्यादा असर पुनर्निर्माण कार्यों पर पड़ा है। ज्यादातर पुनर्निर्माण कार्यों को बंद किया जा चुका है, जबकि 60 के करीब मजदूर ही धाम में रहकर तीर्थ पुरोहित आवास, प्रशासनिक व अस्पताल भवन के भीतर का काम कर पा रहे हैं। मजदूरों को भारी ठंड का सामना करना पड़ रहा है। बर्फबारी के बाद पूरी केदारपुरी सफेद नजर आ रही है।

लोक निर्माण विभाग गुप्तकाशी के अधिशासी अभियंता विनय झिंक्वाण ने कहा कि केदारपुरी में दो दिनों से ज्यादा बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार बर्फबारी का सिलासिला इसी तरह आगे भी जारी रहेगा। धाम में भवनों के भीतरों का ही काम हो पा रहा है। एक सप्ताह के भीतर सभी मजदूर नीचे सोनप्रयाग लौट आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!