इलेक्टोरल बॉन्ड के शीर्ष खरीदार के तौर पर फ्यूचर गेमिंग एंड होटल सर्विसेज का नाम सामने आया है। इस कंपनी ने इसके माध्यम से तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी DMK को 509 करोड़ रुपये का दान दिया। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों से रविवार को यह जानकारी सामने आई। द्रमुक की ओर से बताए गए 656.5 करोड़ रुपये के चुनावी बॉन्ड से प्राप्त कुल प्राप्तियों में फ्यूचर गेमिंग का हिस्सा 77 प्रतिशत से अधिक है।
इस कंपनी के मालिक लॉटरी किंग सैंटियागो मार्टिन प्रवर्तन निदेशालय की जांच के दायरे में हैं। अधिकांश राजनीतिक दलों ने दानदाताओं के नामों का खुलासा नहीं किया है। इसलिए यह ज्ञात नहीं है कि फ्यूचर गेमिंग की ओर से खरीदे गए शेष 859 करोड़ रुपये के बॉन्ड के लाभार्थी कौन थे।
यह खुलासा सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर निर्वाचन आयोग की ओर से सार्वजनिक किए गए कुल 523 मान्यता प्राप्त और गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से संबंधित आंकड़ों के विवरण का हिस्सा है। पिछले सप्ताह निर्वाचन आयोग द्वारा एक और आंकड़ा प्रकाशित किया गया, जो भारतीय स्टेट बैंक की ओर से प्रस्तुत की गई जानकारी पर आधारित था। एसबीआई चुनावी बॉन्ड बेचने और भुनाने के लिए अधिकृत एकमात्र बैंक है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों में राजनीतिक दलों की ओर से किए गए खुलासों की स्कैन की गई प्रतियां शामिल हैं। ये कॉपियां सैकड़ों पृष्ठों में हैं।