बदरीनाथ के कायाकल्प पर धामी की नजर, मौके पर परखी मास्टर प्लान की रफ्तार

उत्तराखंड(गोपेश्वर),रविवार 20 सितम्बर 2026

भगवान बदरीविशाल के दरबार में रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उनका पूरा फोकस बदरीनाथ के कायाकल्प पर रहा। मुख्यमंत्री ने मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और अधिकारियों से काम की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने आस्था पथ समेत निर्माणाधीन योजनाओं को गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि बदरीनाथ धाम में चल रहे विकास कार्य केवल निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि धाम की धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान से भी जुड़े हैं। इसलिए काम के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ धाम की पारंपरिक गरिमा, प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक स्वरूप का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बदरीनाथ धाम को उसकी पौराणिक और धार्मिक महत्ता के अनुरूप भव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। मास्टर प्लान के तहत विकसित सुविधाओं से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने श्री स्वामीनारायण गुरुकुल राजकोट संस्थान की ओर से आयोजित बदरीनाथ धाम कथा महोत्सव में हिस्सा लिया। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे 150 से अधिक संत-साध्वी और 1200 से अधिक हरिभक्त महोत्सव में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदरीनाथ धाम भारत की सनातन चेतना और आध्यात्मिक विरासत का प्रमुख केंद्र है। सदियों से यह भूमि तप, साधना और आध्यात्मिक चेतना की साक्षी रही है। उन्होंने कहा कि संत समाज का मार्गदर्शन और आशीर्वाद समाज एवं राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी है। धामी ने कहा कि उत्तराखंड के चारधाम, गंगा-यमुना, हिमालय और हेमकुंड साहिब जैसे तीर्थ प्रदेश की पहचान हैं। सरकार का प्रयास है कि इन तीर्थस्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार हो, लेकिन विकास के साथ उनकी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान भी सुरक्षित रहे।

इस अवसर पर दायित्वधारी हरक सिंह व माधव प्रसाद सेमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बत्र्वाल, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह रावत, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, भाजपा जिला महामंत्री विनोद कनवासी व अरुण मैठाणी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *