देवप्रयाग के 68 मेधावी विद्यार्थी 16 सितंबर को भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण पर जाएंगे

उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 14 सितंबर 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कीर्तिनगर विकासखंड स्थित स्वामी मनमथन प्रेक्षागृह में देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र से भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के 10वें संस्करण के तहत जाने वाले 68 मेधावी विद्यार्थियों से मुलाकात की। विद्यार्थियों का दल 16 सितंबर को शैक्षिक भ्रमण के लिए रवाना होगा।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद कर यात्रा की तैयारियों की जानकारी ली और उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों को देश की विविधता, इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, तकनीक और विकास को करीब से समझने का अवसर देता है। ऐसे अनुभव कक्षा की सीमाओं से बाहर विद्यार्थियों के ज्ञान और दृष्टिकोण को व्यापक बनाने में सहायक होते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से भ्रमण के दौरान विभिन्न क्षेत्रों की विशेषताओं और उपलब्धियों को समझने तथा उनसे सीख लेने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिष्ठित संस्थानों का भ्रमण विद्यार्थियों को भविष्य की दिशा तय करने में भी मदद कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने तथा गुरुजनों और माता-पिता के प्रति सम्मान बनाए रखने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप उत्तराखंड को विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने राज्य की समान नागरिक संहिता और नकल विरोधी कानून सहित विभिन्न निर्णयों का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण की पहल के लिए देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लगातार 10 वर्षों तक इस कार्यक्रम का संचालन अपने आप में उपलब्धि है। इससे विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ी है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित हुए हैं।

विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि दूर-दराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों का मुख्यमंत्री से संवाद करना उनके लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि भारत दर्शन कार्यक्रम शुरू करने में शुरुआती दौर में कई कठिनाइयां आईं, लेकिन अब इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। कार्यक्रम से विद्यार्थियों में बेहतर अंक हासिल करने के लिए मेहनत करने की प्रवृत्ति बढ़ी है और कई विद्यार्थी 96 प्रतिशत तक अंक प्राप्त कर रहे हैं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *