उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 27 नवंबर 2026
उत्तराखंड में पारंपरिक जल स्रोतों (धारा-नौला) के पुनर्जीवन और सामुदायिक वन संरक्षण को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से राज्य का एक दल मेघालय के संरक्षण मॉडल का अध्ययन कर रहा है। स्प्रिंग्स एंड रिवर रिजुवेनेशन अथॉरिटी (एसएआरआरए) और चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों का 13 सदस्यीय संयुक्त दल 25 से 27 नवंबर तक शिलांग के तीन दिवसीय अध्ययन भ्रमण पर है।
भ्रमण दल में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा वन एवं ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारी शामिल हैं। इस दौरान मेघालय बेसिन डेवलपमेंट अथॉरिटी और मेघालय बेसिन मैनेजमेंट एजेंसी के अधिकारियों ने दल को जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी से वित्तपोषित ‘मेगालाइफ’ और जर्मन विकास बैंक से वित्तपोषित ‘मेगाराइज’ परियोजनाओं की कार्यप्रणाली से अवगत कराया।
दल ने मेगालाइफ परियोजना के तहत संचालित पारिस्थितिकी तंत्र सेवाओं के लिए भुगतान (पीईएस) मॉडल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस मॉडल के तहत प्राकृतिक वन संरक्षण करने वाली स्थानीय समितियों को प्रति हेक्टेयर प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इस व्यवस्था में गठित समितियों में 50 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य है।
शिलांग के एक गांव की समिति ने इस पहल के तहत 46 से 47 हेक्टेयर वन क्षेत्र का संरक्षण किया है। वर्तमान में समिति के खाते में सामुदायिक विकास कार्यों के लिए करीब 15 लाख रुपये जमा हैं। इस मॉडल के माध्यम से स्थानीय समुदायों को वन संरक्षण से सीधे आर्थिक लाभ मिल रहा है।
भ्रमण के दौरान एसएआरआरए के उपनिदेशक एवं मुख्य वित्त अधिकारी ने क्षेत्र में स्थापित बायोचार उत्पादन संयंत्र का भी निरीक्षण किया। मई 2026 में मेघालय बेसिन डेवलपमेंट अथॉरिटी, किसान उत्पादक कंपनी और एक निजी संस्था के बीच हुए त्रिपक्षीय समझौते के तहत यह पायलट परियोजना शुरू की गई थी। इसके माध्यम से बायोचार उत्पादन और उससे अर्जित होने वाले कार्बन क्रेडिट का लाभ स्थानीय समुदायों तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इस पहल में कोर कार्बन एक्स के प्रतिनिधि तकनीकी सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
दल ने मेघालय में कृषि वानिकी की तकनीकों का भी अध्ययन किया। इसमें कृषि के साथ वृक्षारोपण और वन संसाधनों के संरक्षण के जरिए ग्रामीण आजीविका को बेहतर बनाने के तरीकों की जानकारी ली गई।
अधिकारियों का मानना है कि मेघालय में अपनाया जा रहा पारिस्थितिकी तंत्र सेवाओं के लिए भुगतान मॉडल, सामुदायिक सहभागिता और कार्बन क्रेडिट आधारित आय सृजन की व्यवस्था उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। विशेष रूप से चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों को इससे आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ पारंपरिक जल स्रोतों और वनों के संरक्षण को नई दिशा मिल सकती है।