अकाली दल की राजग में वापसी पंजाब के लिए स्वाभाविक और आवश्यक : गृह मंत्री अमित शाह - uttarakhandkihunkar.in

अकाली दल की राजग में वापसी पंजाब के लिए स्वाभाविक और आवश्यक : गृह मंत्री अमित शाह

नई दिल्ली,मंगलवार 24 नवंबर 2026

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शिरोमणि अकाली दल की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में वापसी का स्वागत करते हुए मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अकाली दल का गठबंधन केवल राजनीतिक गठबंधन नहीं बल्कि साझा विरासत और संकल्प पर आधारित स्वाभाविक साझेदारी है, जिसने हमेशा पंजाब में शांति और प्रगति को प्राथमिकता दी है।

शाह ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और उनके सभी साथियों का राजग में वापसी पर हृदय से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों का फिर एक मंच पर आना स्वाभाविक भी है और पंजाब के लिए आवश्यक भी है।

गृह मंत्री ने कहा कि नशामुक्त पंजाब का निर्माण, गैंगस्टरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए सख्त कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करना, राज्य का आर्थिक विकास और किसानों की समस्याओं का समाधान राजग की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ता विकसित, सुरक्षित और समृद्ध पंजाब बनाने के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजग पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए संकल्पित है।

शाह ने भाजपा और अकाली दल के गठबंधन को साझा विरासत से जुड़ा बताते हुए कहा कि दोनों दलों की राजनीतिक साझेदारी ने पहले भी पंजाब में शांति और विकास को आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों दल मिलकर राज्य के विकास और लोगों के कल्याण के लिए काम करेंगे।

उल्लेखनीय है कि शिरोमणि अकाली दल और भाजपा लंबे समय तक राजग के सहयोगी रहे थे। सितंबर 2020 में कृषि कानूनों को लेकर मतभेद के बाद अकाली दल ने राजग से नाता तोड़ लिया था। पार्टी की कोर कमेटी ने 26 सितंबर 2020 को गठबंधन से अलग होने का फैसला किया था। इससे पहले हरसिमरत कौर बादल ने कृषि विधेयकों के विरोध में केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!