उत्तराखंड(चंपावत),सोमवार 23 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बनबसा के गुदमी स्थित डेविड पेंटर स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में चम्पावत जनपद को 165.68 करोड़ रुपये की 54 विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सड़क, पेयजल, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने टनकपुर और बनबसा की जलभराव की समस्या के समाधान के लिए 86.83 करोड़ रुपये की जल निकासी परियोजना को महत्वपूर्ण बताया। इसके तहत टनकपुर में 21 किलोमीटर से अधिक और बनबसा में करीब 7.7 किलोमीटर लंबी जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे बरसात के दौरान दोनों शहरों में होने वाले जलभराव से राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि टनकपुर में 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण कराया जा रहा है। मां पूर्णागिरि धाम में करीब 45 करोड़ रुपये की लागत से रोपवे निर्माण का कार्य प्रगति पर है। शारदा घाट के पुनर्विकास के पहले चरण में 107.35 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वहीं, ककरालीगेट से पूर्णागिरि मार्ग पर किरोड़ा नाले में पुल निर्माण के लिए 48.38 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहाघाट में 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, 55.53 करोड़ रुपये से विज्ञान केंद्र और करीब 20 करोड़ रुपये से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया जा रहा है। बनबसा में 502 करोड़ रुपये की लागत से लैंड पोर्ट परियोजना भी विकसित की जा रही है, जिससे भारत-नेपाल सीमा पर व्यापार और आवागमन को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, महिला बकरी पालन योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कृषि कवच और स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य लोगों को आत्मनिर्भर बनाना और आर्थिक रूप से सशक्त करना है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।