प्रधानमंत्री मोदी आज फिक्की की वार्षिक महासभा और वार्षिक सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे - uttarakhandkihunkar.in

प्रधानमंत्री मोदी आज फिक्की की वार्षिक महासभा और वार्षिक सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे

नई दिल्ली,गुरुवार 19 नवंबर 2026

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सुबह लगभग 11 बजे नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) की वार्षिक महासभा और वार्षिक सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे। यह जानकारी कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता ने दी।

प्रवक्ता के अनुसार, ‘भारत 2047’ विषय पर आधारित इस सम्मेलन में उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों, राजदूतों, राजनयिकों और नीति निर्माताओं सहित 2,500 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। वर्ष 2026-27 फिक्की का शताब्दी वर्ष है। फिक्की सात अप्रैल, 2027 को अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे करेगा।

साल 1927 में फिक्की की स्थापना ऐसे समय पर हुई थी, जब आर्थिक नीति निर्माण में भारतीय उद्यमों का प्रतिनिधित्व सीमित था। आजादी के बाद से फिक्की भारत के आर्थिक परिवर्तन और वैश्विक अर्थव्यवस्था के साथ देश के बढ़ते एकीकरण में सहभागी रहा है।

वर्तमान में फिक्की सार्वजनिक, निजी और बहुराष्ट्रीय क्षेत्रों की 2.5 लाख से अधिक कंपनियों का प्रतिनिधित्व करता है। यह प्रतिनिधित्व प्रत्यक्ष रूप से और 300 से अधिक संबद्ध क्षेत्रीय एवं राज्य स्तरीय उद्योग संघों के माध्यम से किया जाता है। फिक्की के 100 से अधिक देशों के 250 राष्ट्रीय व्यावसायिक संगठनों के साथ साझेदारी समझौते भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!