संरक्षित खेती का प्रशिक्षण लेने पंतनगर विवि रवाना हुआ 28 किसानों का दल - uttarakhandkihunkar.in

संरक्षित खेती का प्रशिक्षण लेने पंतनगर विवि रवाना हुआ 28 किसानों का दल

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 17 नवंबर 2026

प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को कैंप कार्यालय से जनपद देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों के 28 किसानों के दल को गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय पंतनगर के लिए रवाना किया।

इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय में वृद्धि और कृषि क्षेत्र को आधुनिक एवं तकनीक आधारित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि संरक्षित खेती आधुनिक कृषि की एक महत्वपूर्ण तकनीक है, जिसके माध्यम से किसान कम भूमि और नियंत्रित वातावरण में बेहतर गुणवत्ता वाली फसलों का उत्पादन कर सकते हैं। जोशी ने कहा कि प्रदेश में संरक्षित खेती को प्रोत्साहन देने के लिए राज्य सरकार द्वारा किसानों के खेतों में बड़े स्तर पर पॉली हाउस का निर्माण कराया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसानों को बेमौसमी सब्जियों, फूलों और उच्च मूल्य वाली फसलों के उत्पादन से जोड़ना है, जिससे मौसम की मार से फसलों को बचाया जा सके और कृषकों की आय में दोगुनी वृद्धि सुनिश्चित हो सके।

मंत्री जोशी ने कहा कि पॉली हाउस निर्माण के लिए सरकार द्वारा किसानों को आकर्षक अनुदान (सब्सिडी) भी उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक युवा और छोटे किसान इस आधुनिक तकनीक का लाभ उठाकर स्वरोजगार और आर्थिक समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ सकें।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने, उन्हें प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन देने और कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। पंतनगर विश्वविद्यालय में प्राप्त प्रशिक्षण से किसान संरक्षित खेती की आधुनिक तकनीकों को समझ सकेंगे और उनका लाभ अपने खेतों में उठा सकेंगे।

कृषि मंत्री ने आशा व्यक्त की कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद किसान अपने अनुभवों और तकनीकी जानकारी को अन्य किसानों के साथ भी साझा करेंगे, जिससे प्रदेश में आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर जिला उद्यान अधिकारी डॉ. डीके तिवारी सहित कृषकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!