बदरीनाथ धाम की पहाड़ियों में फिर लगी आग - uttarakhandkihunkar.in

बदरीनाथ धाम की पहाड़ियों में फिर लगी आग

उत्तराखंड(चमोली),रविवार 08 नवंबर 2026

भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम की पहाड़ियों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। शनिवार देर शाम एक बार फिर बदरीनाथ धाम के बामणी वन पंचायत क्षेत्र में आग भड़क उठी। बताया जा रहा है कि स्काई शॉट पटाखे के कारण जंगल में आग लगी, जिससे पहाड़ी क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आग लगने की सूचना स्थानीय लोगों ने वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण वनकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। अलकनंदा वन प्रभाग की डीएफओ प्रियंका भी घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करते हुए कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वन विभाग के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे से आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। काफी प्रयासों के बाद टीम ने आग को नियंत्रित कर लिया।

गौरतलब है कि बदरीनाथ धाम में इन दिनों देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में धाम की पहाड़ियों पर बार-बार आग लगने की घटनाएं पर्यावरण और वन संपदा की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही हैं।

डीएफओ प्रियंका ने आमजन से अपील की है कि दीपावली के दौरान आतिशबाजी करते समय विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि पटाखों से निकलने वाली चिंगारी जंगलों में आग लगने का कारण बन सकती है। वन संपदा और पर्यावरण की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

वहीं, स्थानीय लोगों ने भी जंगलों में आग लगने की घटनाओं पर प्रभावी निगरानी रखने और ऐसी घटनाओं की गंभीरता से जांच करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर जंगल में आग लगाता पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!