39वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों को लेकर खेल विभाग ने कसी कमर, दीपावली के बाद शुरू होंगे विशेष प्रशिक्षण शिविर - uttarakhandkihunkar.in

39वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों को लेकर खेल विभाग ने कसी कमर, दीपावली के बाद शुरू होंगे विशेष प्रशिक्षण शिविर

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 06 नवंबर 2026

उत्तराखंड ने आगामी 39 वें राष्ट्रीय खेलों में पिछले प्रदर्शन से आगे बढ़ने की तैयारी शुरू कर दी है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए दीपावली के बाद विशेष प्रशिक्षण शिविर शुरू किए जाएंगे। इस संबंध में गुरुवार को विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण अमित कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में खेल संघों के प्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई।

बैठक में राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों,खिलाड़ियों के प्रशिक्षण,खेल संघों के साथ समन्वय और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पर चर्चा की गई। विशेष प्रमुख सचिव ने कहा कि राज्य की तैयारियां व्यापक और सुनियोजित होनी चाहिए। प्रयास रहेगा कि किसी एक खेल विधा तक सीमित रहने के बजाय सभी खेलों में खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने के अवसर मिलें।

उन्होंने खेल संघों से खिलाड़ियों की सूची के साथ प्रशिक्षण संबंधी आवश्यकताओं,प्रशिक्षकों, फिजियोथेरेपी,खेल पोषण,उपकरण और अन्य संसाधनों का विस्तृत ब्योरा उपलब्ध कराने को कहा। इससे विभाग आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से कर सकेगा।

सिन्हा ने कहा कि दीपावली के बाद शुरू होने वाले विशेष प्रशिक्षण शिविरों में खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता,शारीरिक क्षमता और खेल कौशल को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जाएगा। आगामी राष्ट्रीय चैंपियनशिप और अन्य प्रतियोगिताओं को देखते हुए प्रशिक्षण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने खेल विभाग और संघों से आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा खिलाड़ियों की जरूरतों का प्राथमिकता से समाधान करने को कहा।

उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में राज्य के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में 25वें स्थान से सातवें स्थान तक पहुंचकर नया कीर्तिमान बनाया था। खेल विभाग का लक्ष्य अब इस उपलब्धि को और बेहतर करना है।

बैठक में अपर निदेशक अजय अग्रवाल,उप निदेशक नीरज गुप्ता, सहायक निदेशक संजीव पौड़ी सहित विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!