विरासत साधना में 20 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सुरों से सजाई सांस्कृतिक सुबह, विशेष बच्चों की सहभागिता ने मोहा मन - uttarakhandkihunkar.in

विरासत साधना में 20 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सुरों से सजाई सांस्कृतिक सुबह, विशेष बच्चों की सहभागिता ने मोहा मन

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 28 अक्टूबर 2026

विरासत महोत्सव-2026 के अंतर्गत हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र, नींबूवाला में आयोजित विरासत साधना में बुधवार को 20 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने गायन प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी-अपनी प्रतिभा का मनमोहक और आकर्षित करने वाला प्रदर्शन किया।

विरासत साधना में होनहार, ऊर्जावान विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में संगीत के प्रति उनकी लगन और सुरों की साधना प्रत्यक्ष रूप में दिखाई दी। मुख्य बात यह रही कि मधुर बने इस कार्यक्रम में तबला, हारमोनियम और तानपुरे की संगत ने गायन को बहुत ही मधुरता प्रदान की।

विरासत साधना के मंच पर विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों से शास्त्रीय एवं पारंपरिक गायन की सुंदरता को सामने रखा। इस आयोजन ने युवा प्रतिभाओं को मंच पर अपनी कला प्रस्तुत करने और संगीत के क्षेत्र में अपनी रुचि को आगे बढ़ाने का अवसर दिया। विरासत साधना में सरस्वती संगीत मंदिर, ग्ली म्यूजिक अकादमी, माउंट फोर्ट अकादमी, ऐन मेरी स्कूल, वागीश्वरी संगीत साधना, द टोंस ब्रिज स्कूल, पीवाईडीएस लर्निंग अकादमी, वेल्हम बॉयज़ स्कूल, टच वुड स्कूल, कर्नल ब्राउन कैम्ब्रिज स्कूल, न्यू दून ब्लॉसम्स स्कूल, सरगम कला केंद्र, अनंत गोपाल संगीत मंच समिति, होपटाउन गर्ल्स स्कूल, कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी, केवी ओएनजीसी, ग्राफिक एरा डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी, द एशियन स्कूल, सेंट कबीर अकादमी देहरादून और लतिका के विद्यार्थियों ने पूर्ण दिलचस्पी और साहस दिखाते हुए सहभागिता की।

कार्यक्रम में लतिका के विद्यार्थियों की भागीदारी विशेष रही। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के विद्यालय लतिका के विद्यार्थियों ने भी गायन के माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रस्तुत की। उनकी सहभागिता ने सांस्कृतिक मंचों पर सभी बच्चों को अपनी कला दिखाने के अवसर उपलब्ध कराने के महत्व को रेखांकित किया। विरासत साधना के इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी संगीत प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय संगीत परंपरा से जुड़ने का बहुत ही खास अवसर प्रदान किया। सभी बच्चों में अपना अपना प्रदर्शन दिखाने की दिशा में उत्साह नज़र आ रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!