स्वयं सहायता समूहों को 10 लाख रुपए तक का मिलेगा बिना ब्याज का ऋण

उत्तराखंड(नई टिहरी),बुधवार 23 सितंबर 2026

जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष सुभाष चंद रमोला का अध्यक्ष बनने के बाद गृह क्षेत्र कैंपटी, नैनबाग और पंतवाडी पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने कहा सहकारिता की योजनाओं को गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका लक्ष्य है।

बुधवार को डीसीबी अध्यक्ष रमोला का गृह क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, विधायक प्रीतम सिंह पंवार, प्रमुख सीता पंवार की देखरेख में भव्य स्वागत किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं, सहकारिता से जुड़े लोगों ने कहा कि उनके बनने से ग्रामीण क्षेत्रों में जिला सहकारी बैंक के माध्यम से बेहतर विकास होगा।

मंत्री रावत ने कहा कि अब तक साढ़े 15 लाख लोगों को सहकारी बैंकों से बिना ब्याज के ऋण दिया है। अब समूहों को 10 लाख तक का ऋण देने की योजना है। कहा इस बार सहकारिता चुनाव में कांग्रेस का एक भी डेलिगेट, डायरेक्टर, उपाध्यक्ष और अध्यक्ष नहीं बना। देश का पहला राज्य बना है उत्तराखंड जहां महिलाओं को सहकारिता चुनाव में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया।

छात्र संघ में भी बालिकाओं को हमारे राज्य ने इस बार से आरक्षण देना शुरू कर दिया है, जिससे आने वाले समय में समृद्ध महिला जनप्रतिनिधि मिलेंगे।

इस मौके पर मंत्री रावत ने कैंपटी में सहकारी बैंक की शाखा खोलने की बात कही। इस मौके पर जिला सहकारी बैंक उत्तरकाशी की अध्यक्ष शारदा राणा, पौड़ी पंकज रावत, देहरादून मंजीत रावत, नगर पंचायत चमियाला के अध्यक्ष गोविंद राणा, मनीष राणा, परमवीर पंवार, विजय कठैत, निदेशक जयवीर मियां, कृष्णा रतूड़ी, पूनम, अनिता कोठारी, सुनील हनुमंती, सूरज बिष्ट, नरेश पंवार, वीरेंद्र राणा, जिला पंचायत सदस्य रामदयाल, ओम प्रकाश भुजवान सुचिता रावत, मोनिका, आरती पंवार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *