उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 29 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 140वां संस्करण सुना।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का सशक्त माध्यम है। इस कार्यक्रम के जरिए देश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों, जनसेवा के कार्यों और प्रेरणादायी प्रयासों को व्यापक पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में नशामुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली, साइबर सुरक्षा, जनसेवा और कला एवं संस्कृति के संरक्षण सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनजागरूकता और जनसहभागिता आवश्यक है। युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने में समाज के सभी वर्गों की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वस्थ समाज ही सशक्त राष्ट्र का आधार है। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में चिकित्सकों और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों की विशेष भूमिका है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री के संदेशों को जीवन में आत्मसात करने और समाज एवं राष्ट्र की उन्नति में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।