स्वास्थ्य मंत्री ने कैथ लैब और स्टेट ऑफ आर्ट सेन्ट्रल लेबोरेटरी का किया निरीक्षण

उत्तराखंड(श्रीनगर),शुक्रवार 07 जून 2024

चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को बेस चिकित्सालय में जन चिकित्सीय सेवाओं की बेहतरी के लिए बनाई जा रही कैथ लैब और स्टेट ऑफ आर्ट सेन्ट्रल लेबोरेटरी (अत्याधुनिक प्रयोगशाला) का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जल्द दोनों यूनिट को जनता की सेवा के लिए समर्पित किया जायेगी।

बेस चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री ने कैथ लैब पहुंचकर यहां पर चल रहे कार्यों के साथ ही बेड, मशीन, ऑक्सीजन सप्लाई, प्री-ऑपरेटिव व पोस्ट-ऑपरेटिव वार्ड के साथ ही अन्य सभी जानकारियां ली। साथ ही जो-जो कमी है, उसे जल्द दूर करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि कार्डियोलॉजिस्ट व कार्डियोटेक्नीशियन की तैनाती होते ही कैथ-लैब शुरू कर दी जायेगी। कैथ-लैब बनने से यहां हार्ट संबंधी रोगों का इलाज संभव होगा और मरीजों को इलाज के लिए ऋषिकेश, दून या अन्य बड़ें शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। बेस चिकित्सालय गढ़वाल क्षेत्र के साथ ही चारधाम यात्रा का प्रमुख एव मुख्य केन्द्र है।

स्वास्थ्य मंत्री ने स्टेट ऑफ आर्ट सेन्ट्रल लेबोरेटरी (अत्याधुनिक प्रयोगशाला) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इसमें बायोकेमेस्ट्री, माइक्रोबायोलॉजी, पैथोलॉजी समेत सभी तरह की जांच एक जगह पर होगी। इस तरह एक ही जगह सैंपल देना होगा और वहीं से आपको सारी रिपोर्ट मिल जायेगी। इस तरह मरीज व उनके तीमारदारों को इधर-उधर भटकने से मुक्ति मिल जायेगी।

उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज एव चिकित्सालय में अभी जितनी भी जांचें होती हैं, उनके अलावा सभी नई जांचे भी इसमें शामिल की जाएंगी। जांचें अत्याधुनिक मशीनों से होंगी, जिससे जांच रिपोर्ट की क्वालिटी हर रोज चेक होगी। इसके साथ ही मरीजों को एसएमएस, ईमेल और व्हाट्सएप के जरिए भी जांच रिपोर्ट उपलब्ध करा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही उक्त सेवा को जनता के लिए समर्पित किया जायेगा। उन्होंने मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ के.एस. बुटोला को एंडोस्कोपी संबंधी प्रशिक्षण कर उक्त जांच जल्द शुरू कराने के निर्देश दिये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!