पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर निकली साइकिल रैली, मंत्री गणेश जोशी ने किया फ्लैग ऑफ

उत्तराखंड(देहरादून),रविवार 17 मई 2026

स्वर्गीय हरबंस कपूर की स्मृति में आयोजित ‘पर्यावरण संकल्प साइकिल रैली’ का रविवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने केन्द्रीय विद्यालय ओएनजीसी ग्राउंड, देहरादून से फ्लैग ऑफ कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना जहां स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, वहीं यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक प्रभावी कदम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री के ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान है।

कैबिनेट मंत्री ने स्वर्गीय हरबंस कपूर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे केवल उनके राजनीतिक गुरु ही नहीं, बल्कि मार्गदर्शक और प्रेरणा स्रोत भी थे। उन्होंने कहा कि राजनीति के मूल्यों और जनसेवा की भावना उन्होंने कपूर साहब से ही सीखी है। उनका सादा जीवन और उच्च विचार सभी के लिए प्रेरणादायक हैं।

कार्यक्रम के समापन पर मंत्री गणेश जोशी ने साइकिल रैली के विजेताओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और आयोजकों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

स्व. हरबंस कपूर मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली केवी ओएनजीसी बैरियर, कोलागढ़ रोड से शुरू होकर होटल सेफ्रन लीफ तक निकाली गई। इस दौरान कैंट विधायक सविता कपूर, पार्षद नंदनी शर्मा, ओपी कुलश्रेष्ठ सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!