केदारनाथ धाम के कपाट कल खुलेंगे

उत्तराखंड(देहरादून),मंगलवार 21 अप्रैल 2026

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट कल यानी बुधवार को प्रातः 08 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। इसके साथ केदारनाथ यात्रा 2026 का आधिकारिक शंखनाद हो जाएगा।

कपाट उद्घाटन के पावन अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी धाम पहुंचकर परंपरागत धार्मिक अनुष्ठानों एवं विशेष पूजा-अर्चना में शामिल होंगे। बाबा केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली भी धाम पहुंच चुकी है। प्रशासन और तीर्थ पुरोहितों ने कपाट खुलने की सभी तैयारियां भी पूरी कर ली हैं। कपाट खुलने को लेकर पूरे धाम क्षेत्र में भव्य धार्मिक वातावरण देखने को मिल रहा है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु केदारनाथ पहुंच रहे हैं और बाबा के दर्शन के लिए उत्साह चरम पर है। केदारनाथ मंदिर को 51 क्विंटल फूलों से सजाया गया है।

जिला प्रशासन के अनुसार यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके तहत सड़क मार्गों की मरम्मत, यातायात व्यवस्था का सुचारू संचालन, पैदल मार्ग पर पेयजल, शौचालय, आवास एवं खान-पान सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा पैदल मार्ग एवं धाम क्षेत्र में विद्युत एवं सोलर लाइट की समुचित व्यवस्था की गई है। प्रत्येक दो किलोमीटर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।

स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक शौचालयों की व्यवस्था की गई है और श्रद्धालुओं के लिए गर्म पानी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। यात्रा मार्ग और धाम क्षेत्र में पुलिस एवं प्रशासन द्वारा कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और निर्बाध यात्रा अनुभव मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!