मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई, मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश

उत्तराखंड(देहरादून),गुरुवार 30 जनवरी 2025

उत्तराखंड को प्लास्टिक मुक्त बनाने, स्वच्छता बढ़ाने और फिट इंडिया मूवमेंट को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके तहत जन जागरूकता और जनसहभागिता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, मिलावटखोरी पर सख्त कार्रवाई करने का भी आदेश दिया है।

मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड सदन से वर्चुअल बैठक में अधिकारियाें काे निर्देशित किया कि प्लास्टिक मुक्त उत्तराखंड अभियान जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड नैसर्गिक सौन्दर्य के साथ पर्यटन और जैव विविधता के दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। पर्यावरण और जैव विविधता के संरक्षण के लिए अभियान को सफल बनाने में स्कूलों, कॉलेजों, गैर सरकारी संस्थानों व व्यापारिक संगठनों का भी सहयोग लिया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ धाम की तरह राज्य के अन्य धार्मिक स्थलों और पर्यटक स्थलों पर प्लास्टिक बोतल पर क्यूआर कोड की व्यवस्था की जाए। इससे प्लास्टिक कचरा प्रबंधन में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि कूड़े का डोर-टू-डोर कलेक्शन शत प्रतिशत हो और गीला-सूखा कूड़ा अलग-अलग रखने के लिए लोगों को और जागरूक किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में स्वच्छता के क्षेत्र में और तेजी से कार्य हों, इसके लिए निकाय चुनाव में निर्वाचित पदाधिकारियों की शपथ के बाद बैठक की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि राज्य से गंगा नदी में स्वच्छ जल जाए। इसके लिए गंगा की सहायक नदियों में भी स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। स्वच्छता सर्वेक्षण में निकायों की तरह ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वच्छता के मानकों की घोषणा की व्यवस्था की जाए। उन्होंने राष्ट्रीय खेलों के दौरान भी स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके लिए मुख्यमंत्री ने राज्य में फिट इंडिया मूवमेंट को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में प्रतिदिन योग और व्यायाम की गतिविधियां करवाई जाए। ग्राम पंचायत स्तर पर ओपन जिम की राज्य सरकार की योजना पर और प्रभावी तरीके से कार्य किये जाएं। फिट इंडिया के तहत व्यापक स्तर पर अभियान चलाने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिये हैं।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ उत्तराखंड के लिए स्वास्थ्य विभाग नियमित जागरूकता शिविर लगाने के साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट के तहत संतुलित आहार के लिए लोगों को प्रेरित करें। जंक फूड से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए प्रदेशभर में सघन अभियान चलाया जाए और मिलावटखोरों पर सख्त कारवाई की जाए।

इस अवसर पर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव शैलेश बगोली, नितेश झा, रविनाथ रमन, चन्द्रेश यादव, विनय शंकर पाण्डेय, डॉ. आर. राजेश कुमार, अपर सचिव विजय जोगदंडे, निदेशक शहरी विकास नीतिका खण्डेलवाल, अपर निदेशक डॉ. ललित नारायण मिश्रा मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!