राजनाथ सिंह ने किया नामांकन, मुख्यमंत्री योगी व पुष्कर सिंह धामी रहे उपस्थित

उत्तर प्रदेश(लखनऊ),सोमवार 29 अप्रैल 2024

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को लखनऊ लोकसभा से भाजपा उम्मीदवार के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पूर्व राजनाथ सिंह ने भाजपा प्रदेश कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक रोड शो किया। रोड शो के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की उपस्थिति में नामांकन दाखिल किया।

वहीं मोहनलालगंज लोकसभा से भाजपा उम्मीदवार के रूप में कौशल किशोर ने भी नामांकन दाखिल किया। कौशल किशोर केन्द्र में राज्यमंत्री हैं। वह भाजपा से दूसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं।

राजनाथ सिंह लखनऊ से तीसरी बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। नामांकन जुलूस में भारी हुजूम शामिल रहा। सोमवार को राजनाथ सिंह सबसे पहले हनुमान सेतु पहुंचकर बजरंगबली का दर्शन पूजन किया। इसके बाद भाजपा कार्यालय पहुंचे।

रोड शो में शामिल रथ पर राजनाथ सिंह के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी,उत्तर प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक सवार रहे। राजनाथ सिंह व योगी आदित्यनाथ लोगों को अभिवादन स्वीकार कर रहे थे।

रोड शो का संचालन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर रहे थे। भाजपा प्रदेश कार्यालय से लेकर कलेक्ट्रेट तक जगह-जगह पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। चिलचिलाती धूप भी भाजपा कार्यकर्ताओं के जोश को कम नहीं कर सकी। रोड शो में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं की भागीदारी रहीं। साथ ही नामांकन जुलूस सें लखनऊ के मुस्लिमों की भी उपस्थिती दिखी।

राजनाथ सिंह के रोड शो में शामिल पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ‘अब कांग्रेस की सरकार देश में कभी नहीं आएगी’। भाजपा की पूर्णबहुमत से सरकार बनेगी। नामांकन जुलूस में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी,राज्यसभा सदस्य डा. दिनेश शर्मा, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, एमएलसी मुकेश शर्मा, एमएलसी पवन सिंह चौहान,सुधीर हलवासिया समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!