महिलाओं को सशक्त नेतृत्व की दिशा देगा नारी शक्ति वंदन अधिनियम : रेखा आर्य

उत्तराखंड(हरिद्वार),सोमवार 13 अप्रैल 2026

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा। यह कानून महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में सशक्त और प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करेगा।

मंत्री रेखा आर्या साेमवार काे धर्मनगरी में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन काे संबाेधित कर रही थीं। अपने एक दिवसीय जनपद भ्रमण पर पहुंचीं मंत्री रेखा आर्य ने एक होटल मे प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वर्चुअल संबोधन भी सुना।

मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक आरक्षण देने का विषय पिछले चार दशकों से चर्चा में रहा है। वर्ष 2010 में यह विधेयक राज्यसभा से पारित हुआ था, लेकिन लोकसभा में लंबित रह गया। उन्हाेंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 16 से 18 अप्रैल तक प्रस्तावित विशेष संसद सत्र को इस अधिनियम के संदर्भ में ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण बताया।

रेखा आर्य ने कहा कि इस अधिनियम के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएंगी। इससे महिलाएं न केवल नीति निर्माण में भागीदारी करेंगी, बल्कि निर्णय लेने में भी अग्रणी भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि इससे नीतियां अधिक संवेदनशील और समावेशी बनेंगी तथा महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि अब नारी केवल अपेक्षा करने वाली नहीं, बल्कि निर्णय लेने वाली और समाज को दिशा देने वाली सशक्त शक्ति के रूप में उभर रही है। उन्हाेंने कहा कि “जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है,” इस विचार के साथ समाज में नारी सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है। आज की महिला शिक्षा, विज्ञान, राजनीति और खेल सहित हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही है और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रीता चमोली, जिलाध्यक्ष भाजपा आशुतोष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा एवं नीतीश वालिया सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!