अपूर्ण घोषणाओं पर तत्परता से कार्रवाई के निर्देश

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 03 जुलाई 2024

मुख्य सचिव ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं के कार्यान्वयन को शीर्ष प्राथमिकता और गम्भीरता से लेने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी विभागीय सचिवों से कहा कि जल्द ही मुख्यमंत्री की घोषणाओं के सम्बन्ध में प्रत्येक विभाग की अलग-अलग समीक्षा की जाएगी।

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने मंगलवार को सचिवालय में विधानसभा चम्पावत से सम्बन्धित 174 घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान जिलाधिकारी चम्पावत को नियमित रूप से समीक्षा के निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं के कार्य कब तक पूरे कर लिए जाएंगे, यह जिलाधिकारी की ओर से तत्काल स्पष्ट किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि एक दिन में मात्र एक ही विभाग की विस्तृत व गहन समीक्षा की जाएगी। सभी विभाग इस सम्बन्ध में सभी तैयारियां समय से पूरी कर लें। इस विषय में किसी भी प्रकार के विलम्ब, लापरवाही या अपूर्ण तैयारी ना करने की सख्त हिदायत दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री की घोषणाओं के कार्यान्वयन के सम्बन्ध में सम्पूर्ण डाटा समय से सीएम पोर्टल पर अपलोड करने और स्थान्तरित की जाने वाली घोषणाओं की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरा करने के भी निर्देश दिए हैं।

174 घोषणाओं में 111 पूर्ण, 16 अपूर्ण

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को बैठकों में पूरी तैयारी के साथ आने की कड़ी हिदायत देते हुए कहा कि विधानसभा चम्पावत के लिए मुख्यमंत्री की ओर से की गई कुल 174 घोषणाओं में 111 पूर्ण कर ली गई हैं जबकि 47 घोषणाओं पर कार्रवाई गतिमान है। उन्होंने अपूर्ण 16 घोषणाओं पर तत्परता से कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

बैठक में प्रमुख सचिव रमेश कुमार सुधांशु, सचिव राधिका झा, शैलेश बगौली, एसएन पाण्डेय सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी और वर्चुअल माध्यम से जिलाधिकारी चम्पावत मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!