मुख्यमंत्री आवास पर लोकगीतों की धुनों के बीच बिखरे होली के रंग

उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 02 मार्च 2026

मुख्यमंत्री आवास पर सोमवार को होली मिलन कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए लोक कलाकारों और होल्यारों ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को उत्सवमय बना दिया। गढ़वाल, कुमाऊं और जौनसार क्षेत्र की सांस्कृतिक झलक एक साथ देखने को मिली।

कार्यक्रम में जौनसार के कलाकारों ने हारूल नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं कुमाऊं से आए होल्यारों की टीम ने पारंपरिक होली गीतों से समां बांध दिया। पौड़ी जिले के राठ क्षेत्र से पहुंची सांस्कृतिक टोली ने भी लोकधुनों पर प्रस्तुति देकर रंग जमा दिया। ढोल, मंजीरे और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की संगत से पूरा परिसर होली के रंगों में सराबोर नजर आया। इस दौरान आमजन और विशिष्ट अतिथियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री भी लोक कलाकारों के साथ होली के रंग में रंगे नजर आए और कलाकारों के साथ थिरकते दिखाई दिए।

इस माैके पर लोक कलाकारों ने कहा कि राज्य सरकार लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने लोक कलाकारों को प्रोत्साहन और मंच उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। होली मिलन कार्यक्रम में प्रदेश की सांस्कृतिक एकता और विविधता का जीवंत चित्र देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!