उत्तराखंड और देश का गौरव थे जनरल बिपिन रावत : मुख्यमंत्री

उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 08 दिसंबर 2025

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत की चौथी पुण्यतिथि पर नमन करते हुए उन्हें उत्तराखंड और देश का गौरव बताया। मुख्यमंत्री धामी ने कनक चौक स्थित पार्क में जनरल बिपिन रावत की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने जनरल रावत के अदम्य साहस, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति उनके सर्वोच्च समर्पण को स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन देशभक्ति, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणादायक मिसाल है, जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सैनिकों एवं नागरिकों के साथ दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शहीदों के सम्मान में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास और सविता कपूर भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!