मुख्यमंत्री से फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर ने की मुलाकात, उत्तराखंड को फिल्म हब बनाने पर दिया जोर

उत्तराखंड(देहरादून),सोमवार 13 अप्रैल 2026

प्रख्यात फिल्म निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर ने रविवार को सरकारी आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड को देश का अग्रणी फिल्म शूटिंग हब बनाने, निवेश को आकर्षित करने और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, विविध भौगोलिक परिस्थितियों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के कारण फिल्म निर्माण के लिए आदर्श स्थान है। राज्य सरकार का लक्ष्य इसे देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बनाना है। उन्होंने बताया कि राज्य की नई फिल्म नीति के तहत आकर्षक सब्सिडी, टैक्स छूट और सिंगल विंडो सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे शूटिंग की अनुमति प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कई हिंदी फिल्मों, क्षेत्रीय फिल्मों, टीवी धारावाहिकों और वेब सीरीज़ की शूटिंग सफलतापूर्वक हो चुकी है, जिससे उत्तराखंड फिल्म निर्माताओं की पसंदीदा लोकेशन बनता जा रहा है। यहां की वादियां, झीलें, धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उत्तराखंड को “मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट” का राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है, जो राज्य सरकार की नीतियों की सफलता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में फिल्म सिटी के विकास, लोकेशन बैंक तैयार करने और स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। फिल्म उद्योग के माध्यम से युवाओं के लिए नए अवसर सृजित हो रहे हैं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

इस अवसर पर मधुर भंडारकर ने उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने भविष्य में यहां शूटिंग करने की इच्छा भी जताई। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने से राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!