पूर्व सैनिकों ने त्रिवेंद्र सिंह रावत को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए आवाज बुलंद

उत्तराखंड(हरिद्वार),शुक्रवार 29 मार्च 2024

रुड़की स्थित अशोक नगर ढंडेरा में पूर्व सैनिकों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में हरिद्वार लोकसभा से भाजपा उम्मीदवार त्रिवेंद्र सिंह रावत को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए एक सुर में आवाज बुलंद हुई। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं उम्मीदवार त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज हर तरह से देश मजबूत हुआ है। आज विश्व का कोई भी देश हमें आंख दिखाने की हिम्मत नहीं कर सकता। भारत का मान-सम्मान आज पूरी दुनिया में बढ़ा है। सैनिकों और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने अनेक कार्य किये हैं।

उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति और परंपराओं की रक्षा हमारे शास्त्र करते हैं। इसी तरह से हमारे देश की रक्षा हमारे शस्त्र और सैनिक करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने हमारे सैनिकों को मजबूत करने और शक्ति देने के लिए अत्याधुनिक शस्त्र देने और अन्य सुविधाएं देने का कार्य किया। आज हम दुनिया में पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देश बन गए हैं। वह भी तब जब इस कालखंड में कोरोना जैसी महामारी के कारण उद्योग बंद रहे, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने इस आपदा को भी अवसर में बदलने का मंत्र दिया।

रावत ने कहा कि पार्टी ने उन्हें इस बार हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के लोगों की सेवा का मौका दिया है। वह भी एक पूर्व सैनिक के बेटे हैं इसलिए यह उनका अपना परिवार है। उन्होंने कहा कि अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को भी कमल के निशान पर मतदान के लिए कहने की जिम्मेदारी हर एक पूर्व सैनिक को लेनी है।

इस मौके पर पूर्व सैनिकों ने त्रिवेंद्र सिंह रावत को विजयी बनाने के लिए उनके सम्मान में रैली भी निकाली। भाजपा नेता ने पूर्व सैनिकों का सम्मान भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!