उत्तराखंड में आज से नामांकन शुरू, सीसीटीवी से रखी जाएगी नजर

उत्तराखंड(देहरादून),बुधवार 20 मार्च 2024

लोकसभा चुनाव के लिए आज से नामांकन शुरू हो जाएगा। नामांकन प्रक्रिया के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। सीसीटीवी से प्रत्याशियों और उनके समर्थकों पर नजर रखी जाएगी। नामांकन प्रक्रिया 27 मार्च तक चलेगी।

संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी नमामि बंसल ने मंगलवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में चुनाव संबंधी प्रेस ब्रीफिंग की। उन्होंने कहा कि 20 मार्च से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। सभी संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में आरओ मुख्यालय में नामांकन के लिए पब्लिक नोटिस चस्पा कर दिया जाएगा। 27 मार्च तक सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर प्रतिदिन 11 बजे से लेकर तीन बजे तक नामांकन की प्रक्रिया जारी रहेगी।

आरओ मुख्यालय के 100 मीटर की परिधि में तीन से अधिक वाहनों की अनुमति नहीं-

प्रत्याशियों की ओर से उपलब्ध कराए जाने वाले डॉक्यूमेंट्स की एक चेक लिस्ट भी बनाई गई है, जिसमें फॉर्म ए, फॉर्म बी, एफिडेविट, सिक्योरिटी डिपोजिट के प्रूफ आदि शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आरओ मुख्यालय के 100 मीटर की परिधि के दायरे में तीन से अधिक वाहनों की अनुमति नहीं होगी। इसके लिए प्रत्येक आरओ मुख्यालय में सुरक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई है।

सुविधा पोर्टल से भी कर सकेंगे नामांकन-

नामांकन प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन पोर्टल suvidha.eci.gov.in की भी व्यवस्था की गई है, जिसमें प्रत्याशी मोबाइल नंबर के जरिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फार्म भर सकते हैं। इसका प्रिंट निकालकर हस्ताक्षर करने के उपरांत आरओ कार्यालय में नामांकन प्रक्रिया के लिए निर्धारित अंतिम तिथि से पूर्व जमा कराना होगा। प्रत्याशी पोर्टल में ही डॉक्यूमेंट को भी मुख्यालय में जमा करने की समय और तिथि को भी अपनी सुविधानुसार चयन कर सकते हैं। प्रत्याशी प्रत्यक्ष रूप से आरओ मुख्यालय में उपस्थित होकर अपने डॉक्यूमेंट को जमा करा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!