राजधानी में ओबीसी छात्रावास बनाने की मांग,पर्वतीय क्षेत्रों के गरीब छात्रों को मिलेगा लाभ

उत्तराखंड(देहरादून),शुक्रवार 10 अप्रैल 2026

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर राजधानी देहरादून में जनजाति छात्रावास की तर्ज पर ओबीसी छात्रों के लिए भी छात्रावास निर्माण की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि यह पहल उत्तरकाशी समेत अन्य पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगी।

भाजपा के मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने सरकारी आवास पर मुख्यमंत्री से भेंट के दौरान एक अनुरोध पत्र सौंपते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए लगातार बेहतर अवसर सृजित कर रही है। देहरादून में पढ़ाई के लिए आने वाले ओबीसी समाज के कई छात्र-छात्राओं को आर्थिक तंगी के कारण आवास और पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने बताया कि विशेष रूप से उत्तरकाशी सहित पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले आर्थिक रूप से कमजोर ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों को राजधानी में रहने की समुचित व्यवस्था नहीं मिल पाती, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। चौहान ने आग्रह किया कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति छात्रावास की तर्ज पर ओबीसी छात्रों के लिए भी छात्रावास बनाया जाए। इससे गरीब और जरूरतमंद विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा और उनके बेहतर भविष्य के निर्माण में सहायता मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!